मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मार्गदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन|
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारियों को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार श्री विनोद सिंह गुंजियाल के मार्गदर्शन में निर्वाची पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को पटना स्थित होटल रॉयल बिहार में प्रारंभ हुआ।
इसी क्रम में बक्सर, डुमराओं एवम ब्रह्मपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारियों का प्रशिक्षण 12 एवम 13 सितम्बर को दी जाएगी जबकि राजपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी का प्रशिक्षण 15 एवम 16 सितंबर को निर्धारित है ।
प्रशिक्षण का उद्देश्य
इस कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाची पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सभी महत्त्वपूर्ण पहलुओं पर अद्यतन जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से सक्षम बनाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण के प्रमुख विषय
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को विशेषज्ञों द्वारा निम्नलिखित विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया:
• नामांकन, संवीक्षा एवं अभ्यर्थिता वापसी
• प्रतीक आवंटन एवं आदर्श आचार संहिता का अनुपालन
• भेद्यता मानचित्रण एवं निर्वाचक सूची का शुद्धिकरण
• ईवीएम-वीवीपैट का प्रबंधन
• मतदान दिवस की व्यवस्थाएँ एवं मूलभूत सुविधाएँ
• पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया
• निर्वाचन व्यय की निगरानी
• मीडिया प्रबंधन एवं आईटी एप्लिकेशन्स का उपयोग
• मतगणना की पारदर्शिता
• एस.वी.ई.ई.पी. गतिविधियाँ
उद्घाटन सत्र
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार सीएच एवं श्री अमित कुमार पांडे ने कहा कि “चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और इसमें निर्वाची पदाधिकारियों की भूमिका सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण है।” उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री संजय कुमार, अपर महानिदेशक, बिपार्ड भी उपस्थित थे।
प्रथम दिवस की गतिविधियाँ
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को नामांकन प्रक्रिया, भेद्यता मानचित्रण, निर्वाचक सूची अद्यतन, पोस्टल बैलेट, मतदान केंद्रों पर सुविधाएँ तथा निर्वाचन व्यय निगरानी जैसे विषयों पर गहन जानकारी दी गई।
अन्य प्रशिक्षण केंद्र
इसी क्रम में, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण भी बुधवार को निम्नलिखित संस्थानों में प्रारम्भ हुआ:
• बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना
• दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना
• राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, शेखपुरा, पटना
यहाँ प्रशिक्षण का संचालन श्री अनिल कुमार राय, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, श्री देवव्रत मिश्र, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, श्री अविनाश चन्द्र, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, श्री दिनेश लाल दास, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, तथा श्री सौरभ कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा किया गया।
प्रतिभागियों के अनुभव
प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों ने कहा कि इस अवसर से उन्हें कई व्यावहारिक जानकारियाँ मिली हैं, जिन्हें वे आगामी चुनाव की वास्तविक प्रक्रिया में लागू करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग कर वे चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सहभागी बनाने में योगदान देंगे।