सर्वप्रथम स्वच्छता कर्मी, रुद्रा ग्रुप एवं माई भारत के द्वारा विभिन्न गंगा घाटों पर स्वच्छता कार्यक्रम, स्वच्छता जागरूकता रैली आयोजित किया गया।
इसके उपरांत चौसा विद्युत संयंत्र पर वन प्रमंडल भोजपुर के द्वारा वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के प्रांगण में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम, गंगा जागरूकता पर नाटक मंचन, राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मान समारोह, गंगा नदी पर परिचर्चा सहित जल संरक्षण हेतु सांकेतिक रूप से अभियान का शुभारंभ किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है एवं गंगा से हमारा जुड़ाव सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम ‘अभियान के तहत भी पौधारोपण किया गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध करा सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने आम जनता से यह भी अपील किया कि वे गंगा में किसी भी प्रकार का कचरा, प्लास्टिक या पूजन सामग्री न डालें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।