बक्सर। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (12 सितंबर 2026) की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बक्सर की माननीय सचिव श्रीमती नेहा दयाल की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में एक उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक संपन्न हुई।
इस बैठक में अवर न्यायाधीश श्री भोला सिंह, श्री महेश्वर नाथ पांडे, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी श्री चंदन कुमार सहित जिले के अन्य सम्मानित न्यायाधीश, पैनल अधिवक्ता, बैंक अधिकारी और बीमा कंपनियों के विधिक सलाहकार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के मुख्य बिंदु और दिशा-निर्देश:
लंबित वादों की सूची: माननीय सचिव ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को अपने यहाँ लंबित सुलह योग्य मामलों, विशेषकर बिजली, बैंक, आपराधिक वादों (सुलहनिये वादों) की सूची प्राथमिकता पर तैयार करने का निर्देश दिया।
ससमय नोटिस तामिला: चिन्हित मामलों के दोनों पक्षकारों को समय रहते आधिकारिक नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया ताकि उन्हें समझौते का पूरा अवसर मिले।
प्री-काउंसलिंग और ऑन-द-स्पॉट निस्तारण: सचिव ने बैंकों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे लोक अदालत से पूर्व ही पक्षकारों के साथ बैठकर छूट (Waiver) और समझौते की शर्तें तय कर लें, जिससे 12 सितंबर को मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके।
अपील: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर ने आम जनता से अपील की है कि वे लंबे मुकदमों से बचने के लिए इस राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने मामलों को हमेशा के लिए समाप्त करें।