Sun. Apr 19th, 2026

बक्सर,आगामी बिहार विधान सभा आम चुनाव -2020 से संबंधित तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में चुनाव से संबंधित की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। मालूम हो कि कोविड-19 संक्रमण के कारण इस बार कुल मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। मतदान केंद्रों की संख्या 1844 हो गई है, पहले मतदान केंद्रों कि संख्या 1265 थी। इस प्रकार कुल 579 मतदान केंद्रों की बढ़ोत्तरी हुई है। इस बार एक मतदान केंद्र पर 1000 मतदाता ही वोट दे सकेंगे। इस हेतु विधानसभा वार बूथों की स्थिति एवं उक्त आलोक में बूथों पर की जाने वाली व्यवस्था तथा मतदान कर्मियों की उपलब्धता साथ ही पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता को लेकर चर्चा की गई साथ ही आवश्यक निर्देश दिए गए। परिवहन कोषांग के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि चुनाव कार्य में उपयोग किए जाने वाले वाहनों की संख्या एवं उसके प्रकार से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन 24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। मालूम हो कि कोविड-19 को देखते हुए इस बार चुनाव कार्य में विगत चुनावों की तुलना में अधिक संख्या में वाहनों की जरूरत होगी।कार्मिक कोषांग के वरीय प्रभारी एवं नोडल पदाधिकारी को कर्मियों का डेटाबेस फाइनल करने का निर्देश दिया गया।बैठक में कोरोना काल में चुनाव कराने को लेकर जारी दिशा-निर्देश के आधार पर जिला स्तरीय कार्य- योजना को शत-प्रतिशत क्रियान्वयन को लेकर निर्देश दिए गए। बैठक में वोटर लिस्ट, ईवीएम /वीवीपैट, मतदान केंद्र के साथ प्रशिक्षण कोषांग, स्वीप कोषांग, एमसीएमसी और मीडिया कोषांग तथा अन्य कोषांगों की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि सभी वरीय पदाधिकारी अपने अपने कोषांगों के कार्यों की समीक्षा कर लें। बैठक में उप विकास आयुक्त योगेश कुमार सागर, अपर समाहर्ता चंद्रशेखर झा , उप निर्वाचन पदाधिकारी के साथ अन्य कोषांगों के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!