आज दिनांक 01 जून 2026 को श्री नन्दकिशोर राम, माननीय मंत्री, डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधान विभाग, बिहार सह जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष सह प्रभारी मंत्री बक्सर जिला के अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति बक्सर की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
माननीय विधायक राजपुर , माननीय विधायक डुमरांव, माननीय विधायक बक्सर, माननीय विधान परिषद सदस्य, अध्यक्षा जिला परिषद बक्सर, चेयरमैन नगर पंचायत चौसा, नगर पंचायत इटाढी,नगर पंचायत ब्रह्मपुर एवं जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।
समीक्षा के क्रम में गत बैठक में दिए गए निर्देश के अनुपालन की समीक्षा की गई। माननीय प्रभारी मंत्री बक्सर जिला के द्वारा स्वास्थ विभाग की समीक्षा के क्रम में निदेश दिया गया कि BMSICL से समन्वय स्थापित कर सदर अस्पताल बक्सर में अधिष्ठापित ऑक्सीजन प्लांट को यथाशीघ्र क्रियाशील कराना सुनिश्चित करेंगे। चिकित्सकों के रोस्टर की विभागीय नियम के आलोक में जांच कराते हुए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे।
जिला अंतर्गत चिकित्सक, पदाधिकारी एवं कर्मियों के स्थानातंरण के संबंध में विभागीय प्रावधान के आलोक में नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देशित किया गया कि नए विद्युत कनेक्शन हेतु प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित गति से निष्पादन करेंगे। विद्युत विपत्रों में सुधार हेतु कैंप लगाकर परिलक्षित त्रुटियों का सुधार कराना सुनिश्चित करेंगे।
राजस्व विभाग की समीक्षा के क्रम में विभिन्न सदस्यों के द्वारा सदन में उठाए गए मुद्दों पर जांच कराते हुए अपर समाहर्ता बक्सर को निर्देशित किया गया कि बक्सर जिला अंतर्गत अंचल संबंधी समस्याओं का नियमानुसार निष्पादन कराएंगे। भूमि सुधार उपसमाहर्ता बक्सर एवं डुमरांव को निर्देशित किया गया कि अंचलों की जांच कर लंबित आवेदनों का नियमानुकूल निष्पादन कराना सुनिश्चित करेंगे।
सभी प्रखंड के महादलित टोलों के भूमिहीनों को बासगीत पर्चा देने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति जैसे महत्वपूर्ण बैठक में बिना किसी पूर्व सूचना के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण,पटना प्रभाग के प्रतिनिधि को अनुपस्थित रहने के कारण पृच्छा नोटिस निर्गत करने हेतु माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा निदेशित किया गया। साथ ही अनुरक्षण अवधि में सड़क की जर्जर स्थिति अवलोकित होने पर सम्बंधित संवेदकों को काली सूची में डालने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निदेशित किया गया।
लोक स्वास्थ अभियंत्रण विभाग की समीक्षा के क्रम में माननीय मंत्री महोदय ने सभी प्रखंडों में पेयजल सुविधा की जांच हेतु कार्यपालक अभियंता को निदेशित किया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों के द्वारा लिखित आवेदन पर त्वरित रूप से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्य करने हेतु निदेशित किया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में माननीय सदस्यों के द्वारा बीज उपलब्धता एवं खाद भंडारण संबंधी समस्याओं को सदन के दृष्टिगत रखा गया । इस संदर्भ में माननीय मंत्री महोदय ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया कि अगर कोई अनियमितता पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई की जायेगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। मध्याहन भोजन योजना अंतर्गत विद्यालयों के बच्चों को दी जाने वाली भोजन की गुणवत्ता की जाँच कर समय-समय पर सदस्यों द्वारा प्रतिवेदन बैठक में रखने हेतु निदेश दिया गया। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को अपने स्तर से भी जाँच कराने एवं गलत करने वाले दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
कार्यपालक पदाधिकारी,नगर परिषद बक्सर को नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने हेतु निदेश दिया गया एवं उनके द्वारा विकास के संबंध में प्राथमिकता के साथ सशक्त समिति से प्रस्ताव पारित कराकर कार्य कराने का निदेश दिया गया। साथ ही विभागीय पत्र के आलोक में खुले में मांस बिक्री पर रोकथाम हेतु आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया ।
पशुपालन विभाग के द्वारा प्रस्तावित संयुक्त भवन के निर्माण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अन्य सभी विभागीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का गुणवत्ता के साथ आच्छादन कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही माननीय सदस्यों द्वारा अपने क्षेत्र से संबंधित बैठक में रखी गई समस्याओं का शीघ्र समाधान करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
माननीय प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा सभी सम्मानित सदस्यों और पदाधिकारियों को जिले के सर्वांगीण विकास हेतु सम्मान की भावना एवं संपूर्ण तन्यमता के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने हेतु मार्गदर्शित किया गया।