पर्यटन एवं खेल विभाग की योजनाओं की समीक्षा, खेल अवसंरचना एवं पर्यटन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
आज दिनांक 23 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में पर्यटन विभाग एवं खेल विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले की *42 पंचायतों में खेल मैदानों के निर्माण कार्य में तेजी लाने* हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही *इटाढ़ी प्रखंड स्तरीय स्टेडियम* के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने *एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर* के खेल मैदान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए *चेंजिंग रूम* के निर्माण हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त *सी.पी.एस.एस. विद्यालय, डुमराँव* में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए *निर्बाध विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था* सुनिश्चित करने तथा *एक अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराने* का भी निर्देश दिया।
बैठक में *आई.टी.आई. परिसर में निर्माणाधीन स्टेडियम* की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने बिहार भवन निर्माण निगम लिमिटेड के संबंधित कनीय अभियंता को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के क्रम में *होटल विश्वामित्र बिहार* के जीर्णोद्धार कार्य को *जुलाई माह के भीतर पूर्ण* करने तथा परिसर में निर्माणाधीन *बजट होटल* के कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त *रामरेखा घाट* के समीप निर्माणाधीन *एक्सपीरियंस सेंटर* के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कनीय अभियंता BSTDC को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में *पंचकोशी मेला* को *राजकीय मेले का दर्जा* दिलाने के लिए जिला कला एवं संस्कृति विभाग को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि खेल एवं पर्यटन से जुड़ी सभी परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति मिल सके।