जिउतिया पर्व के अवसर पर रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर आज दिनांक 14 सितम्बर 2025 को अपर समाहर्ता बक्सर, श्री अरुण कुमार सिंह के द्वारा द्वारा स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ घाट परिसर का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, नदी किनारे के बैरिकेडिंग एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की समुचित तैनाती, निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं रात्रि रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर समाहर्ता ने बताया कि घाट क्षेत्र में नियंत्रित नाव संचालन की जिम्मेदारी अंचल पदाधिकारी (CO) को सौंपी गई है। उनके पर्यवेक्षण में नाव संचालन की सुरक्षा मानकों के पालन हेतु लाइफ जैकेट, रेस्क्यू बोट एवं गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद बक्सर को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद की टीम द्वारा घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सघन सफाई, कचरा निस्तारण, एवं पेयजल आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा घाट पर मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
अपर समाहर्ता ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए समन्वित कार्ययोजना के तहत तैनाती एवं ड्यूटी चार्ट समय से जारी करें। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।