स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य जांच एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर
बक्सर, 19 सितम्बर 2025। बक्सर जिले में महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जिला पपदाधिकारी के निदेशानुसार जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सभी आरोग्य मंदिरों पर महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी महिलाओं के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज प्रदान किया जाता है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए राशन कार्ड में नाम का होना अनिवार्य है तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए आधार कार्ड आवश्यक है।
इसी क्रम में, दिनांक 21 सितम्बर 2025 (रविवार) को “दिव्य लोक चिकित्सा केंद्र, नेहरू नगर, बक्सर” में एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ,बक्सर की सभी पात्र महिलाओं से अपील करता है कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित और सशक्त बनाएं।
स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार!