
राज्य के भूमि विवाद के गंभीर मामलों के विरूद्ध प्रभावी एवं कारगर कार्रवाई के लिए अंचल स्तर पर भूमि विवादों के नियमित एवं प्रभावशाली अनुश्रवण हेतु प्रत्येक सप्ताह के शनिवार को संबंधित अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष की संयुक्त बैठक कर भूमि विवाद से संबंधित मामलों के निदान हेतु कार्रवाई करने का निदेश पूर्व से ही दिया गया है। पुनः अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, बिहार, पटना के द्वारा दिये गये नवीनतम निदेश के आलोक में जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर ने आदेश जारी किया हैं- संबंधित थानाध्यक्ष/अंचल अधिकारी प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाली बैठक में आने वाले भू-धारियों/नागरिकों की भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं को सुनते हुए समीक्षा करेंगे तथा युक्तिसंगत कार्रवाई करेंगे एवं कृत कार्रवाई का प्रतिवेदन जिला राजस्व शाखा, बक्सर उपलब्ध करायेंगे। संबंधित थानाध्यक्ष एवं अंचल अधिकारी प्रत्येक ग्राम एवं अंचल स्तर पर भूमि विवाद से संबंधित मामलों पर सतत निगरानी बनाये रखेंगे तथा नियंत्रण हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे। थानाध्यक्ष, भूमि विवाद की आशंका की पूर्व सूचना आयोजित साप्ताहिक शनिवारीय बैठक में अंचल अधिकारी को उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे। थानाध्यक्ष, ग्राम चौकीदारों की सहभागिता एवं उनसे भूमि विवाद जनित लघु/आर्थिक अपराध से संबंधित अपेक्षित तथा गोपनीय सूचनाएँ प्राप्त करेंगे। अंचल स्तर पर अंचलाधिकारी प्रत्येक ग्राम चौकीदारों द्वारा दी गई सूचनाओं का संकलन विहित प्रपत्र-3 में करेंगे। संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा शनिवारीय बैठक में दर्ज भूमि विवाद जनित विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों को नियमानुसार स्टेशन डायरी में भी प्रविष्ट करेंगे। अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष संयुक्त शनिवारीय बैठक से संबंधित प्रतिवेदन विहित प्रपत्र-2 में अंचल स्तर पर संधारित कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। अंचल अधिकारी अंचल स्तर पर प्रमुख भूमि विवादों की सूची तैयार करेंगे तथा इसके निष्पादन का विवरण विहित प्रपत्र-1 में संधारित कर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के पोर्टल पर प्रत्येक सप्ताह अद्यतन कर अपलोड करेंगे। प्रभारी पदाधिकारी राजस्व शाखा बक्सर साप्ताहिक शनिवारीय बैठक से संबंधित प्रतिवेदन का समेकन करेंगे तथा अपर समाहर्ता बक्सर उक्त का पर्यवेक्षण करेंगे एवं इसके अनुपालन हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे।