*बक्सर।* विश्वामित्र सेना द्वारा रविवार, 13 सितंबर को बक्सर के किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर आयोजित ‘सनातन गौरव सम्मेलन’ का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और पूरे आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह एवं उमंग देखने को मिली । सनातन गौरव सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए विभिन्न निःशुल्क सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। तीज और चौरचन के अवसर पर कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को साड़ी वितरित की गई। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाया। विश्वामित्र सेना की ओर से बक्सर की पहचान से जुड़े च्यवनप्राश का भी वितरण किया गया। वहीं, नेत्र जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को चश्मे भी उपलब्ध कराए गए। इन सेवा कार्यों से लाभान्वित लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उपस्थित लोगों ने विश्वामित्र सेना के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजकुमार चौबे ने कहा कि सनातन था, सनातन है और सनातन रहेगा। बक्सर को उसका वह अधिकार और पहचान, जो आज तक नहीं मिली है, अब विश्वामित्र सेना दिलाएगी। उन्होंने कहा कि बक्सर की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सनातन पहचान को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार कार्य करेगा।
श्री चौबे ने बक्सरवासियों से एकजुट होकर अपनी विरासत, पहचान और अधिकार के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बक्सर की ताकत उसकी जनता की एकजुटता में है और सभी लोगों के सामूहिक प्रयास से बक्सर को उसकी उचित पहचान और अधिकार दिलाने का अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।