
आज दिनांक 21 दिसम्बर 2020 स्वास्थ्य विभाग की मासिक बैठक जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को आम जनता के लिए स्वास्थ्य संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निरंतर तत्पर रहना चाहिए। वर्तमान स्थिति को असंतोषजनक बताते हुए इसमे व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई गई। कार्य संस्कृति में सुधार लाने हेतु सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्साकर्मियों को ससमय संबंधित अस्पतालों में उपस्थित रहने का सख्त निर्देष दिया गया। सभी चिकित्सकों को अपने अधीनस्थ चिकित्साकर्मी, आषा, ए0एन0एम0, को भी समय पर उपस्थित रहने एवं अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु सदैव तत्पर रखने को कहा गया। चिकित्सक एवं कर्मियों की उपस्थिति का सघन अनुश्रवण सिविल सर्जन को करने का आदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने सख्ती बरतते हुए निर्देश दिया कि अनुषासनहीनता प्रदर्शित करने वाली आषा, ए0एन0एम0 एवं अन्य चिकित्साकर्मियों के विरूद्ध कड़ी कानूनी की जाएगी। दोषी पाये जाने पर एफ0आई0आर0 भी दर्ज किया जाएगा। सदर अस्पताल में अवांछित तत्वों की पहचान करके उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ताकि सदर अस्पताल का माहौल एवं कार्यकलाप स्वच्छ एवं पारदर्शी हो सके। सदर अस्पताल के MAY I HELP YOU काउंटर पर प्रशिक्षित कर्मी को रखने का निर्देश दिया गया। ताकि आगन्तुक मरीजों का सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सक चिकित्सा के क्रम में रोगियों को उपलब्ध दवा को जरूर लिखेंगे तथा अगर जो दवा स्टॉक में उपलब्ध नहीं हो उसका उल्लेख पुर्जा में जरूर करते हुए दवा का नाम लिखेंगे। स्वास्थ्य केन्द्रों के दवाखानों में रखे दवाओं को एल0सी0डी0 के माध्यम से भी आमजनों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। पल्स पोलियो अभियान में काम करने वाले आशा एवं ए0एन0एम0 को आवंटन प्राप्त होने के बावजूद मानदेय नहीं देने वाले प्रभारी चिकित्सको का वेतन अगले आदेष तक स्थगित रखने का आदेश दिया गया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को सप्ताह में दो दिन नियमित टीकाकरण की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु प्रत्येक आशाकर्मी के कार्यकलापों का सघन अनुश्रवण जिला स्तर पर किया जाएगा। लापरवाह आशा के उपर अनुशासनिक कार्रवाई करने का संकेत दिया गया। सभी स्वास्थ्यकेन्द्रों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, सिविल सर्जन बक्सर, सभी प्राथमिक स्वास्थ्यकेन्द्रों के प्रभारी चिकित्सकगण एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।