Sat. Aug 1st, 2026

आज दिनांक 06 जनवरी 2021 को कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु वैक्सीनेशन के लिए गठित जिला टॉस्क फोर्स की बैठक जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में आहूत की गई। सिविल सर्जन ने बैठक में जानकारी दी कि वैक्सीनेशन हेतु जिले में 8 जनवरी को मॉक ड्रिल (ड्राई रन) का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए जिले के तीन केन्द्रों का चयन किया गया है। जहाँ पर 25-25 लोगों पर वैक्सीन देने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) ने बताया टीकाकरण के लिए सरकार के द्वारा 2.38 लाख सिरिंज उपलब्ध कराया जाने वाला है। पहले चरण के लिए लगभग 10 हजार सरकारी व निजी स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों व कर्मियों तथा आँगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकताओं का पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है। जिनको वैक्सीन दी जाएगी। उसके बाद दूसरे चरण के लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन होगा। चिन्हित लोगों को टीका लगाने के लिये 700 टीकाकर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया है। डीआईओ ने बताया कि ड्राई रन का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण की प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी और भौतिक बाधाओं की पहचान करना है। ताकि उन बाधाओं को समय रहते हुए दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में सरकार के माध्यम से उपलब्ध कराये जाने वाले कोरोना वैक्सीन के रख-रखाव को लेकर लॉजिस्टिक मैनजमेंट व कोल्ड चैन मैनेजमेंट को पूरी तरह से दुरूस्त किया जा चुका है। सिविल सर्जन डॉ0 जितेन्द्र नाथ ने बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण को लेकर सभी जरूरी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी है। इसके लिए कर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया है। टीकाकरण की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिये इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। फिलहाल ड्राई रन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम जुटी हुई है। जिला पदाधिकारी महोदय ने सिविल सर्जन को निदेश दिया कि प्रखण्ड स्तरीय टॉस्क फोर्स से वैक्सीनेशन हेतु जगह चिहिन्त कर प्रतिवेदन की माँग करें। चिहिन्त जगहों की चिकित्सकों के द्वारा जाँच भी की जाएगी। सभी 142 पंचायतों में वैक्सीनेशन सेंटर बनाने के लिए जगह चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ अगली बैठक करने का निदेश दिया। प्रथम चरण में चिकितसाकर्मियों को वैक्सीन लगाने की पूरी तैयारी ससमय पूरा करने का निदेश दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन बक्सर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, यूनिसेफ, डब्लू0एच0ओ0, केयर के प्रतिनिधिगणों के साथ टॉस्क फोर्स के सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!