

विधिक सेवा सदन परिसर से आजादी के 75वें वर्षगांठ पर निकाला गया प्रभात फेरी सह जागरूकता रैली
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर द्वारा शनिवार को आजादी के 75वां वर्षगाठ मनाया गया। इस अवसर पर विधिक सेवा सदन से प्रभातफेरी सह जागरूकता रैली निकाली गयी। प्रभात फेरी सह जागरूकता रैली को जिला जज अंजनी कुमार सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रभातफेरी व जागरूकता रैली में पैनल अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक एवम सभी कार्यालय कर्मी शामिल हुए । रैली विधिक सेवा सदनसे निकलकर बस स्टैंड पहुंच समाप्त हो गया। इस दौरान बारिश के फुहारों ने भी किसी कर्मी का हौसला नहीं तोड़ा सभी पैनल अधिवक्ता एवम पारा विधिक स्वयंसेवक हाथों में बैनर एवम पोस्टर के माध्यम से लोगों को न्याय के प्रति जागरूक करते दिखे। जानकारी देते हुए जिला जज अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि नालसा एवम बालसा के निर्देशानुसार गॉंधी जयंती 2 अक्टूबर से बाल दिवस 14 नवंबर तक आजादी के 75वीं वर्षगांठ मनाया जाना है। इस 44 दिवसीय कार्यक्रम के तहत विधि सेवा प्राधिकार द्वारा लोगों को घर-घर जाकर जागरूक करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के सभी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक, सेमिनार, का आयोजन कर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज गॉंधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे और देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं कार्यक्रम का समापन पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस पर किया जाएगा देश की आजादी में उनकी भी भूमिका अहम थी। मौके पर धर्मेंद्र कुमार तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार सहित पैनल अधिवक्ता विद्या सागर तिवारी, प्रमोद कुमार मिश्रा, दीपिका केशरी, चंद्रकला वर्मा, प्रीति, नीतू, अरुणिमा कार्यालय कर्मी सुधीर कुमार रितेश कुमार सुनील कुमार मनोज कुमार सुमित कुमार उपस्थित थे।