बक्सरःजिले में शहरी सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा आगामी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बक्सर के माननीय विधायक श्री आनन्द मिश्र जी ने 30 सितंबर 2026 को बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा जी से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक श्री आनन्द मिश्र ने बक्सर जिले के समग्र शहरी विकास को केंद्र में रखते हुए 30 सूत्रीय एजेंडा माननीय मंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत किया। इसमें बक्सर एवं चौसा सहित जिले के शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, आधारभूत संरचना, जल निकासी, कचरा प्रबंधन, सड़क एवं अन्य आवश्यक शहरी सेवाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
बक्सर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक शहरी सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई।
बैठक में बक्सर जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा इसे नियमित, प्रभावी एवं स्थायी स्वरूप प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। विधायक श्री आनन्द मिश्र ने बक्सर एवं चौसा सहित जिले के शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा।
चर्चा के उपरांत माननीय मंत्री श्री नीतीश मिश्रा जी द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए बक्सर में स्वच्छता व्यवस्था की जांच के लिए विभागीय पदाधिकारियों की समिति गठित की गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार समिति को नगर परिषद, बक्सर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था की जांच कर 7 अक्टूबर 2026 तक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
यह कार्रवाई बक्सर जिले में शहरी स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक कदम है। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि आगामी छह महीनों में बक्सर जिले के शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं एवं शहरी सेवाओं में ठोस सुधार लाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए।
विधायक श्री आनन्द मिश्र ने देश के सफल शहरों, विशेषकर इंदौर की स्वच्छता एवं शहरी प्रबंधन व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि सफल मॉडलों से सीख लेकर बक्सर जिले की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी, व्यावहारिक एवं दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
माननीय विधायक श्री आनन्द मिश्र ने कहा, “बक्सर जिले के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकताओं में है। बक्सर एवं चौसा सहित पूरे जिले के शहरी विकास को योजनाबद्ध एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा। संबंधित योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।