Fri. Jul 31st, 2026

नब्बे प्रकार के यंत्रों पर दिया जायेगा आकर्षक अनुदान
पराली प्रबंधन से जुड़े यंत्रों पर पचहतर फीसदी अनुदान
बक्सर: खेती-बाड़ी में कृषि यंत्रों का बहुत महत्व है। कृषि यंत्रों के प्रयोग से खेती करना बेहद आसान हो गया है। कृषि यांत्रिकरण योजना का मुख्य उदेश्य किसानों को खेती-बाड़ी के कार्य को सुगमतापूर्वक संपादित करने हेतु आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल पर विशेष प्रकार की सुविधा प्रदान करना है। कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत आर्थिक रुप से कमजोर स्थिति वाले किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। उक्त बाते जिला कृषि पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ने कही। उन्होंने कहा वितीय वर्ष 2022-23 में विभाग द्वारा बक्सर जिले हेतु डेढ़ करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें कुल नब्बे प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रदान किया जायेगा।
इन कृषि यंत्रों पर दिया जायेगा अनुदान
डीएओ श्री मनोज कुमार ने बताया कि जिले में कृषि यंत्रों के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर आकर्षक अनुदान दिया जायेगा, जिसमें नब्बे प्रकार के कृषि यंत्र शामिल है। इन यंत्रों में पराली प्रबंधन से जुड़े एवं जानवरों को भगाने वाले से सम्बंधित यंत्रों पर पचहतर प्रतिशत तक अनुदान दिया जायेगा। कृषि यंत्रों में रोटरी मल्चर, सुपर सीडर, एसएमएस,हैपी सीडर, स्ट्रा बेलर विदाउट रैक, स्ट्रा रीपर, रोटरी सलेशर, जीरो टिलेज, पैडी स्ट्रा चौपर,बिजली चालित जानवरों को भगाने वाले वाला बायेएकाॅस्टिक उपकरण(सोलर पैनल एवं बिना सोलर पैनल के), सब-स्वायलर पर पचहतर प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावे स्प्रेयर मशीन, कल्टीवेटर, पम्प सेट, सिंचाई पाईप, लेजर लैण्ड लेवलर, पावर टीलर, थ्रेसर, मिनी रबर राईस मिल, दाल मिल, आयल मिल, रोटावेटर इत्यादि कृषि यंत्रों पर चालीस से पचास प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान है।

कृषि यंत्रीकरण योजना में आवेदन हेतु पात्रता-

सहायक निदेशक,कृषि अभियंत्रण ने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान लेने हेतु ऑनलाईन आवेदन करना होगा, जिसमें आवेदन के पूर्व लाभुक के पास कृषक पंजीकरण, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, वर्तमान मालगुजारी रसीद, भू स्वामित्व प्रमाण-पत्र,बैंक पासबुक सहित संबंधित दस्तावेज होना अनिवार्य है।

कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन आवेदन करने का तरीका-

सहायक निदेशक,कृषि अभियंत्रण ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना में शामिल सभी कृषि यंत्रों को अनुदान पर प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन ofmas( Online Farm Mechanization Application Software) साॅफ्टवेयर लंच किया गया है। आनलाईन आवेदन करने हेतु सर्वप्रथम https://dbtagriculture.bihar.gov.in वेबसाईट पर जायेंगे। तत्पश्चात इस वेबसाईट के मुख्य पेज पर ’’ ऑनलाइन आवेदन करें’’ लिंक पर माॅजूद कृषि यांत्रिकरण योजना लिंक पर क्लीक करेंगे। इस लिंक पर क्लीक करने के उपरांत http://farmech.bih.nic.in/FMNEW/Home.aspx वेबसाईट का पेज खुलेगा, जिसमें दिये गये निर्देशानुसार कृषि यांत्रिकरण योजना में शामिल कृषि यंत्र हेतु आवश्यक दस्तावेज के साथ कृषक पंजीकरण की प्रवृष्टि करते हुए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। डीएओ श्री मनोज कुमार ने बताया कि कृषि यांत्रिकरण योजना से सम्बंधित अधिक जानकारी लेने हेतु कृषक सहायक निदेशक,कृषि अभियंत्रण तथा प्रखंड व पंचायत स्तर पर बीएओ,बीटीएम,एटीएम,कृषि समन्वयक व किसान सलाहकार से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!