कृषि विभाग द्वारा संचालित एग्रीस्टैक परियोजना के तहत बक्सर जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शुरू किया गया है। यह एक डिजिटल पहल है जिसके अंतर्गत प्रत्येक किसान के लिए एक विशिष्ट फार्मर आईडी तैयार की जाएगी।
इसी क्रम में आज दिनांक 08 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला के द्वारा चुन्नी पंचायत अंतर्गत चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्ड कैंप का निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा वहां उपस्थित किसानों को बताया गया कि निर्धारित तिथि को स्वयं उपस्थित होकर कैंप में अपना रजिस्ट्रेशन कराए। साथ ही किसान अपने पंचायत के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी से किसी भी समस्या के समाधान हेतु संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से डिजिटल पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने हेतु अपील किया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण है इसलिए पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन संध्या में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि पहला चरण 6 जनवरी से 9 जनवरी एवं दूसरा चरण 18 जनवरी से 21 जनवरी तक निर्धारित है।