बक्सर,
जिलाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला के निर्देशानुसार जिले में किसान रजिस्ट्री (Farmer Registry) एवं e-KYC का विशेष अभियान दिनांक 06 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में दिनांक 08 जनवरी 2026 को अपर समाहर्ता, बक्सर द्वारा डुमरांव प्रखंड अंतर्गत नया भोजपुर पंचायत में आयोजित कैंप स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित कर्मियों को यह निर्देश दिया गया कि किसान पंजीकरण एवं e-KYC का कार्य प्रतिदिन सुबह 07:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक लगातार संचालित किया जाए, ताकि अधिकतम किसानों को सुविधा मिल सके।
यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों के पंचायतों में एक साथ में विशेष कैंप लगाकर किसान रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है।
किसान रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की एक विशिष्ट Farmer ID तैयार की जा रही है, जिससे पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एवं पारदर्शी रूप से किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
अभियान के सुचारु संचालन हेतु जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां किसान पंजीकरण, e-KYC अथवा तकनीकी समस्याओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी प्रखंडों एवं कैंप स्थलों को आवश्यक तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी कैंप स्थल पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ Farmer Registry एवं e-KYC की प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ मिल सके।