
किसान चौपाल में ‘‘वन डिस्ट्रीक्ट वन क्रॉप’’ पर की गई चर्चा
उद्यान विभाग द्वारा चयनित मेंथा फसल पर दिया जा रहा आकर्षक अनुदान-डीएओ
बक्सर: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण(आत्मा),बक्सर द्वारा जिले के एक सौ बयालीस पंचायत में किसान चौपाल का आयोजन प्रस्तावित है। इसी कड़ी में दिन बुधवार को जिले के सोलह पंचायत में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक,आत्मा,बक्सर श्री मनोज कुमार ने बताया कि दिनांक 25 अक्टूबर 27 अक्टूबर तक कुल अड़तालीस पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन किया गया है जिसमें कुल 5177 पुरुष एवं 677 महिला किसानों ने भागीदारी निभाई। आगे उन्होंने बताया कि किसान चौपाल के माध्यम से किसानों की अधिकतर समस्या धान की खरीदारी को लेकर है। इस पर श्री मनोज कुमार ने बताया कि दिनांक 01 नवंबर से जिले के सभी प्रखंडों में धान अधिप्राप्ति प्रस्तावित है। परंतु धान अधिप्राप्ति के पूर्व इच्छुक किसानों को ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए सभी कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार को धान अधिपा्रप्ति से सम्बंधित पंजीकरण कराने की जवाबदेही दी गई है। वन डिस्ट्रीक्ट वन क्रॉप पर चर्चा करते हुए डीएओ श्री मनोज कुमार ने बताया कि जिले में इस बार मेंथा की खेती को बढ़ावा देने हेतु पॉच सौ हेक्टेयर खेती पर अनुदान देने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसका क्रियान्वयन उद्यान विभाग द्वारा किया जायेगा। इच्छुक किसान हॉर्टीकल्चर विभाग के वेबसाईट पर किसान पंजीकरण, जमीन का रसीद तथा पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ के साथ ऑनलाईन पंजीकरण कर सकते है। किसानों द्वारा ऑनलाईन आवेदन करने के बाद सम्बंधित प्रखंड के प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सत्यापन का कार्य प्रारम्भ करेंगे, अर्थात पूरी प्रक्रिया ऑनलाईन रहेगी। किसान चौपाल में पराली प्रबंधन, जल जीवन हरियाली, जलवायु अनूकूल खेती, जैविक खेती, स्वायल हेल्थ कार्ड, स्वॉयल टेस्टिंग, किसान पुरस्कार, किसान हितार्थ समूह, खाद्य सुरक्षा समूह,धान अधिप्राप्ति, कस्टम हायरिंग सेंटर सहित कृषि व कृषि से सम्बद्ध सभी योजनाओं की चर्चा की जा रही है।