
पोषण के साथ मतदाता जागरूकता अभियान में जुटी हैं आंगनबाड़ी सेविकाएं
- रंगोली, मेहंदी व पेंटिंग के माध्यम से लोगों को दे रही हैं जागरूकता का संदेश
- पोषण माह में घर-घर जाकर महिलाओं को दिए जा रहे हैं पोषण टिप्स
बक्सर, 24 सितंबर : जिले भर में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषण अभियान के साथ-साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ऐसे में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पोषण अभियान प्रभावित न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए सभी परियोजना स्तर पर एक टीम द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषण क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देश पर जिले में एक से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक के लिए पोषण और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने में जन भागीदारी को प्रोत्साहन देना है। इस क्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से लोगों तक पोषण संदेश पहुंचाया जा रहा है।
वॉल पेंटिंग के माध्यम से किचन गार्डन के लिए किया जा रहा प्रेरित:
एकीकृत बाल विकास सेवा योजना (आईसीडीएस) की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी तारणी कुमारी ने बताया राष्ट्रीय पोषण मिशन का उद्देश्य छोटे बच्चों, महिलाओं और किशोरियों में कुपोषण व एनीमिया को खत्म करना है। नीति आयोग ने साल 2022 तक भारत को कुपोषण से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस बार पोषण माह में पोषक तत्वों से भरपूर पौधे लगाने के लिए पोषण वाटिकाएं बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों व मॉडल केंद्रों पर पोषण वाटिका (किचन गार्डन) का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, सेविकाओं व सहायिकाओं के साथ-साथ जीविका समूह की दीदियों की मदद से स्थानीय ग्रामीणों के अपने घर में पोषण वाटिका लगाने के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए पेंटिंग व वॉल पेंटिंग के माध्यम से भी संदेश दिया जा रहा है। ताकि, अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंचे।
आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका होती है अहम :
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित होने वाली मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के संबंध में जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया किसी भी अभियान की सफलता उसके ग्रास रूट कर्मचारी पर निर्भर करती है। ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं व सहायिकाओं की भूमिका सबसे अहम है। इसलिए निर्वाचन आयोग तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए केंद्रों पर रंगोली प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ आसन्न विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कराने की शपथ भी दिलाई जा रही है।