
ब्यूरो हेड :-बिहार तेज न्यूज़
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के मद्देनजर जिले में स्वीप कोषांग के द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत दिनांक 28.09.2020 को सुगम मतदान का प्रदर्शन, एम0पी0 उच्च विद्यालय, बक्सर के परिसर में किया गया। प्रदर्शन के कार्यक्रम की शुरूआत उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर के कर कमलों के द्वारा किया गया। उनके द्वारा स्वयं, प्रदर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुँची एक दिव्यांग महिला मतदाता को व्हील चेयर के माध्यम से ग्रीन चैनल होते हुए मतदान दल के समक्ष लाया गया एवं मतदान की बारिकियाँ समझाते हुए मतदान कक्ष में प्रवेश कराया गया। उप विकास आयुक्त महोदय ने कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांग मतदाताओं, वृद्वजनों एवं उपस्थित सभी मतदाताओं को दिनांक 28.10.2020 को बक्सर के चारो विधान सभा क्षेत्रों के लिए आयोजित होने वाले विधान सभा निर्वाचन में पूरे उत्साह एवं शत-प्रतिशत रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आवाहन किया एवं इस बार मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग मतदाताओं एवं वृद्वजनों को दी जाने वाली अतिरिक्त सुविधा एवं सुगमता साधन के बारे में भी उप विकास आयुक्त महोदय द्वारा मार्गदर्शित किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि मतदान केन्द्रों पर कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा एवं प्रत्येक मतदाता का थर्मल स्क्रीनिंग आशा दीदी द्वारा करने के पश्चात ही मतदान दल के समक्ष भेजा जाएगा। दिव्यांगों की सुगमता के लिए व्हील चेयर/ट्राइसाइकिल उपलब्ध रहेगी एवं इनकी सहायता के लिए वोलेन्टियर उपलब्ध रहेंगे। साथ ही दिव्यांगजनों, वृद्वजनों एवं गर्भवती महिलाओं को बिना कतारबद्व हुए मतदान करने की सुविधा हेतु ग्रीन चैनल की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में जिले के स्वीप पी0डब्लू0डी0 आइकन श्री जितेन्द्र ठाकुर ने भी उपस्थित मतदाताओं को आगामी 28.10.2020 को मतदान में भाग लेने का आग्रह किया एवं उनका उत्साहवर्धन किया। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी द्वारा उपस्थित दिव्यांगजनों एवं वृद्वजनों को पोस्टल बैलेट के विकल्प एवं सुविधा के बारे में भी जागरूक किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि दिव्यांग मतदाता एवं 80 वर्ष से ज्यादा के वृद्व मतदाता, पोस्टल बैलेट की मदद से अपने मताधिकार का प्रयोग सुगमता पूर्वक कर सकते हैं। इस प्रदर्शन कार्यक्रम में मतदान दल के रूप में भी दिव्यांग कर्मीगण ही लगाए गए थे। उन्होंने पूरी सक्षमता से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। साथ ही मतदाताओं के प्रत्येक प्रश्न एवं जिज्ञासा का भी समाधान किया।