
स्थानीय सांसद सह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। बिहार में नागरिक उड्डयन संपर्कों पर दोनों मंत्रियों ने विस्तार से चर्चा की। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री चौबे ने बक्सर को प्रधानमंत्री के महत्वकांक्षी उड़ान योजना में शामिल करने का आग्रह किया।
उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को अवगत कराया कि बक्सर भगवान श्री राम शिक्षा दीक्षा स्थली है। रामायण सर्किट में इसे शामिल किया गया है। बड़ी संख्या में देश के विभिन्न जगहों से पर्यटक यहां पहुंचते हैं। उड़ान योजना में शामिल करने से आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री चौबे ने बिहार के प्रमुख शहरों को भी उड़ान योजना में शामिल करने का आग्रह किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी यथाशीघ्र बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान दरभंगा में बन रहे हैं एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों एवं हवाई उड़ान की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। बिहार में अन्य नागरिक उड्डयन संपर्क संभावनाओं की भी जानकारी लेंगे।