
उर्वरक का कृत्रिम अभाव बनाने या अधिक मूल्य लेने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी-डीएओजीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत ट्रैक्टर के साथ 473 बैग उर्वरक जब्त कर दो व्यक्तियों एवं एक ट्रैक्टर चालक एवं मालिक पर दर्ज की गई प्राथमिकीबक्सर: जिले में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु विभागीय स्तर से धावा दल का गठन किया गया है, जिसका कार्य किसानों के गुप्त सूचना के आधार पर उर्वरक का कृत्रिम अभाव बनाने या अधिक मूल्य लेने वालों पर कार्रवाई करना है। इसी कड़ी में दिन बुधवार को नावानगर प्रखंड स्थित बेलॉंव ग्राम में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। धावा दल में शामिल सहायक निदेशक पौधा संरक्षण गिरीराज कुमार व जिला कृषि पदाधिकारी श्री मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम नावानगर के बेलॉंव ग्राम पहुॅंची। उस ग्राम में एक किराना के दुकान पर उर्वरक रखा हुआ था। डीएओ श्री मनोज कुमार ने किसान के रुप में उर्वरक का मूल्य पूछा। किराना संचालक द्वारा उर्वरक का मूल्य तीन सौ तीस रुपये बताया गया। उन्होंने कहा कि ठीक है, इसी मूल्य पर पचास बोरी उर्वरक दे दिजीए। इस पर किराना संचालक उर्वरक आपूर्ति करने हेतु गोदाम की तरफ गया। इसका फायदे उठाते हुए डीएओ श्री मनोज कुमार व सहायक निदेशक पौधा संरक्षण गिरीराज कुमार गोदाम की तरफ गये। उन्होंने देखा कि गोदाम में भारी मात्रा में उर्वरक भंडारित किया गया है। उन्होंने मौके पर ही सिकरौल थाना के मदद से किराना संचालक श्री पारस केशरी व हरेराम साह के विरुद्ध बिना अनुज्ञप्ति के अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई तथा किराना संचालक के दुकान एवं उसके गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। डीएओ श्री मनोज कुमार द्वारा मुख्यालय वापस लौटते के क्रम में सिकरौल पुल के करीब एक ट्रैक्टर मिला, जो यूरिया उर्वरक से लदा था। टीम में शामिल सहायक निदेशक गिरीराज कुमार द्वारा ट्रैक्टर चालक से युरिया उर्वरक के बारे में स्त्रोत की पूछताछ की गई। चालक द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। इस पर अविलंब सिकरौल थाना में यूरिया से लदे ट्रैक्टर को सिकरौल थाने में लाकर चार सौ तीहतर बैग उर्वरक को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। डीएओ श्री मनोज कुमार ने बताया कि छापेमारी का यह अभियान लगातार चलता रहेगा। इस परिस्थिति में सभी अनुज्ञप्तिधारी उर्वरक बिक्रेता उचित मूल्य पर पॉश मशीन से ही उर्वरक की बिक्री करें। चौबीस घंटे में कभी भी किसानों के गुप्त सूचना के आधार पर धावा दल द्वारा छापामारी की जायेगी। आगे किसानों से अपील करते हुए कहा कि उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जिले में दो-तीन दिनों के अंदर ईफको एनपीके का रैक बक्सर रैक प्वाईंट एवं चंबल फर्टिलाईजर का डीएपी आरा रैक प्वाईंट पर आने की सूचना है, जिससे एक सप्ताह के अंदर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता हो जायेगी। किसान अनावश्यक उर्वरकों का भंडारण नहीं करें। अगर किसी व्यक्ति के विरुद्ध उर्वरक भंडारण की सूचना मिलती है, तो सूचना देने वाले किसानों का नाम गोपनीय रखते हुए अविलंब कार्रवाई की जायेगी। विदित् हो कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। इस नीति में किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाना है। इस बाबत आवश्यकता पड़ने पर किसान जिले के नियंत्रण कक्ष के संपर्क सूत्र 7903994847 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा। वर्तमान में बिस्कोमान एवं अनुज्ञप्तिधारी उर्वरक बिक्रेताओं को प्रखंडवार उर्वरक का आवंटन किया गया है। कृषक मृदा स्वास्थ्य के अनुसार ही निर्धारित मात्रा में ही अपने खेतों में उर्वरक का व्यवहार करें जिससे मिट्टी की सेहत को सुरक्षित रखा जा सके।