
बक्सर: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण(आत्मा),बक्सर के तत्वाधान में दिन मंगलवार को बीस सदस्यीय किसानों का जत्था वैशाली रवाना किया गया। वैशाली में अवस्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में दिनांक 17 अगस्त से 19 अगस्त तक केला की खेती एवं उसके उत्पाद विषय पर प्रशिक्षण दिया जायेगा। उक्त जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक,आत्मा श्री मनोज कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि जिले में केला उत्पादन की अपार संभावनायें हैं। जिले के युवक प्रशिक्षण हासिल कर खेती करें तो कृषि के क्षेत्र में केला की खेती रोजगार का सशक्त माध्यम साबित होगा। उल्लेखनीय है कि आत्मा संस्थान द्वारा कृषि व कृषि से सम्बद्ध प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाता है। इस कड़ी में राज्य के अंदर प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र,हरिहरपुर(वैशाली) में केला की खेती एवं उसके उत्पाद पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में शामिल होने हेतु किसानों की पात्रता -आत्मा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में शामिल होने हेतु सर्वप्रथम किसानों को प्रखंड में पदस्थापित बीटीएम/एटीएम से संपर्क स्थापित करना होगा। किसानों के चयन में समूह के किसानों को प्राथमिकता दी जायेगी। प्रशिक्षण में पंजीकरण कराने हेतु किसान अपना आधार कार्ड, कृषक पंजीकरण एवं सहमति पत्र(बीटीएम/एटीएम के कार्यालय द्वारा दिया जायेगा) सम्बंधित प्रखंड तकनीकी प्रबंधक/सहायक तकनीकी प्रबंधक को उपलब्ध करायेंगे साथ ही विभाग द्वारा तय की गई अग्रिम राशि किसानों द्वारा बीटीएम/एटीएम को उपलब्ध कराई जायेगी। किसानों को उक्त अग्रिम राशि प्रशिक्षण में शामिल होने पर वापस कर दिया जायेगा। प्रशिक्षणोपरांत मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभायेंगे कृषक: डीएओ श्री मनोज कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित कृषक जिले के अन्य किसानों को केला उत्पादन की तकनीक से अवगत करायेंगे। सम्बंधित प्रखंड के बीटीएम/एटीएम प्रशिक्षित किसानों द्वारा सम्बंधित विषय पर किये गये कार्यो का सफलता की कहानी तैयार करेंगे, ताकि उनके सफलतम कार्यो को अन्य किसानों के बीच प्रसारित किया जा सके।