Tue. Apr 21st, 2026

सभी खुदरा उर्वरक बिक्रेता सुबह 08 बजे से संध्या 06 बजे तक किसानों को एमआरपी पर आपूर्ति करेंगे उर्वरकबक्सर: कृषि विभाग द्वारा किसानों की समस्याओं पर गहनता से अनुश्रवण किया जा रहा है। इसी कड़ी में समय पर किसानों के बीच उर्वरक की आपूर्ति प्रमुख है। जिले में दिनांक 08 अगस्त तक पाॅश मशीन के आॅंकड़े के अनुसार 3556 एमटी यूरिया खुदरा बिक्रेताओं के पास उपलब्ध है। कोरोमंडल फर्टिलाईजर एवं यारा फर्टिलाईजर द्वारा बक्सर एवं सासाराम रैक बिन्दु से कुल 1061.19 मै टन यूरिया जिले को प्राप्त हुआ है, जिसे फसल आच्छादन के आधार पर खुदरा उर्वरक बिक्रेताओं के बीच उपावंटित किया जायेगा। जिला कृषि पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ने कहा कि जिले में जीरो टाॅलरेंस नीति के तहत उर्वरक की बिक्री की जानी है। यूरिया उर्वरक की एमआरपी दो सौ छाछठ रुपये पचास पैसे है। इस मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री करते पाये जाने पर उर्वरक बिक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से अनुज्ञप्ति रद्द किया जायेगा। जिले में तीन छापामारी दल सक्रीय है। छापामारी दल द्वारा अबतक कुल 75 दुकानों पर छापामारी के क्रम में 5 दुकानों पर कार्रवाई की गई है। आगे यह अभियान वृहत रुप से चलाया जायेगा। सभी खुदरा उर्वरक बिक्रेता सुबह 08 बजे से संध्या 06 बजे तक कृषि विभाग द्वारा टैग कर्मी की उपस्थिति में ही उर्वरक की बिक्री करेंगे। मनमाने ढंग से उर्वरक की बिक्री करते हुए पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से लाईसेंस निलंबित करते हुए दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। डीएओ श्री मनोज कुमार ने थोक उर्वरक बिक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी थोक बिक्रेता अपने डिस्प्ले बोर्ड पर प्रतिदिन उर्वरक का मूल्य, पाॅश मशीन के अनुसार उर्वरक की उपलब्धता अवश्य अंकित करेंगे, ताकि कृषक को सम्बंधित दुकान से उर्वरक का मूल्य एवं उपलब्धता के आधार पर उर्वरक का क्रय कर सकें। किसानों के लिए उर्वरक सम्बंधी शिकायत दर्ज कराने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है, जिसके नोडल अधिकारी के रुप में श्री शेखर किशोर, सहायक निदेशक,फसल प्रक्षेत्र नामित है। जिला नियंत्रण कक्ष का संपर्क सूत्र 9198879787, 7903767773 तथा 9473081675 है। इन मोबाईल नम्बर पर किसान उर्वरक से सम्बंधित शिकायत दर्ज करा सकते है। शिकायत करने वाले किसानों का नाम गुप्त रखते हुए कालाबजारी में संलिप्त बिक्रेताओं का लाईसेंस निरस्त करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी। डीएओ श्री मनोज कुमार ने किसानों से अपील की कि खरीफ मौसम में जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक का भंडार है। जिले में अनुज्ञप्तिधारी उर्वरक बिक्रेताओं पर उर्वरक की कालाबजारी न हो, इसके लिए सभी दुकानों पर कृषि समन्वयक को सम्बद्ध कर दिया गया है साथ ही जिले से अधिकारियों की टीम निरंतर छापामारी कर रही है। कृषक मिट्टी जाॅंच के आधार पर ही उर्वरक का उपयोग करें। आगे उन्होंने कहा कि अॅंधाधुॅंध उर्वरकों के प्रयोग करने से किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होने के साथ-साथ मिट्टी की सेहत भी खराब होती है। इस परिस्थिति में कृषि विशेषज्ञों के सलाह पर उर्वरकों की अनुशंसित मात्रा का प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!