Wed. Oct 28th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में 17 मार्च 2021 को जिला स्थापना दिवस समारोह बनाए जाने के निमित बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि जिला स्थापना दिवस 17 मार्च से 22 मार्च बिहार दिवस तक मनाया जाएगा। 17 तारीख से प्रत्येक दिन जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह में आम जनों की भागीदारी ज्यादा से ज्यादा हो इसके लिए प्रयास किये जाने की आवश्यकता बताई गई। 17 मार्च को किला मैदान में विशाल कृषि मेला के साथ कृषि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में विविध फसलों के उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकगण अपना अनुभव बताऐंगे। 21 मार्च को बैंकों से मिलने वाले सभी तरह के ऋणों के लिए मेगा ऋण मेला लगाया जाएगा। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच 17 से 22 मार्च तक प्रत्येक दिन विविध गतिविधियों का आयोजन शिक्षा विभाग करेगा। इसमें पेन्टिग, निबंधन लेखन, वाद-विवाद के साथ खेल प्रतियोगिता भी शामिल होगा। स्वच्छता के निमित नमामि गंगे अभियान के तहत घाटों की साफ-सफाई का भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गंगा तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। रेड क्रॉस सोसायटी के द्वारा ब्लड डोनेशन कैम्प का आयोजन किया जाएगा। जिला के प्रतीक चिन्ह के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए ई-मेल, मोबाइल नम्बर भी जारी किया जाएगा। ताकि प्रतिभागी जिला के बाहर से भी अपनी कृति को भेज सकेंगे। जिला पदाधिकारी महोदय ने उपस्थित मुख्य पार्षद से नगर परिषद क्षेत्र में अपने स्तर से भी कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया। ताकि शहर के प्रबुद्धजन स्थापना दिवस समारोह से जुड़ सकें। प्रखण्ड स्तरीय पुस्तकालय हेतु पुस्तक दान के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बक्सर की विरासत पर परिचर्चा का आयोजन के साथ वेबीनार के जरिए बक्सर वासियों से जुड़कर विभिन्न विषयों पर सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा बैठक में उप विकास आयुक्त श्री योगेश कुमार सागर, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, वरीय उप समाहर्ता-सह-प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, प्रभारी पदाधिकारी नजारत शाखा, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!