
8 मार्च से होगा पटना-डीडीयू रेलखंड पर 3 जोड़ी स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन
होली से पहले आम यात्रियों को रेलवे दी बड़ी राहत
पू.म.रे हाजीपुर ने आम रेल यात्रियों को होली से पहले बड़ी राहत देते हुए पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर आगामी 8 मार्च से 3 जोड़ी स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की घोषणा की है । जिसके तहत पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच 03203/03204 पटना-डीडीयू मेमू पैसेंजर स्पेशल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा बक्सर स्टेशन के बीच 03208/03207 डीडीयू-बक्सर मेमू पैसेंजर स्पेशल तथा 03277 दानापुर-रघुनाथपुर एवं 03278 रघुनाथपुर-पटना मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा । जो क्रमशः 63225/63234, 63240/63235 तथा 63219/63220 के अनुरूप चलेगी । जबकि इन पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन के दौरान कोविड-19 को लेकर भारत सरकार द्वारा तय गाइड लाइन का पूरी कड़ाई से पालन किया जाएगा । रेलवे द्वारा पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर 3 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन का स्वागत करते हुए रेल यात्री कल्याण समिति डुमरांव के अध्यक्ष सह दानापुर मंडल रेल यात्री कल्याण समिति के संयोजक राजीव रंजन सिंह उर्फ रवि सिंह ने इसके लिए पू.म.रे हाजीपुर के महाप्रबंधक ललित चन्द्र त्रिवेदी तथा मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार को धन्यवाद दिया है । साथ ही 03277/03278 रघुनाथपुर मेमू पैसेंजर का विस्तार बक्सर तथा 03208/03207 डीडीयू-बक्सर मेमू पैसेंजर का विस्तार डुमरांव या रघुनाथपुर तक करने की मांग की है । जिससे इस रेलखंड पर स्थित छोटे-बड़े सभी स्टेशनों के आम यात्रियों को इन पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन का सही मायने में लाभ मिल सके । साथ ही रेलवे को भी बेहतर राजस्व की प्राप्ति हो सके । विदित हो कि पिछले 3 मार्च को पू.म.रे के महाप्रबंधक एल सी त्रिवेदी के आरा तथा बक्सर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान रेल यात्री कल्याण समिति सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने उनसे मिलकर यथाशीघ्र बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की मांग की थी ।