आसन्न लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी, श्री अंशुल अग्रवाल के निर्देशानुसार 33-बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सभी पीठासीन पदाधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एमपी हाई स्कूल बक्सर में किया गया।*
*प्रशिक्षण कार्यक्रम दो पालियों में क्रमशः पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक एवं अपराह्न 2:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण उप विकास आयुक्त बक्सर एवं अपर समाहर्ता सह वरीय प्रभारी प्रशिक्षण कोषांग बक्सर के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।*
*प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मतदान दल के कर्मियों को P-2 (मतदान के 02 दिन पूर्व) के दिन योगदान कराना है एवं पार्टी का मिलान उसी दिन किया जाना है। इसके पश्चात उन्हें डिस्पैच सेंटर टेबल के माध्यम से सामग्री कोषांग द्वारा उपलब्ध कराई गई चुनाव सामग्री को प्राप्त करना है। इसके पश्चात P-1 (मतदान के एक दिन पहले) को मतदान दल को ईवीएम/वीवीपीएटी एवं ईवीएम कोषांग द्वारा उपलब्ध कराए गए ईवीएम सीलिंग सामग्री को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पश्चात मतदान दल को संबंधित विधान सभा क्षेत्र के मतदान केंद्र पर रवाना किया जाएगा।*
*प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण कोषांग के मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा सभी पीठासीन पदाधिकारियों को सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार लोकसभा आम निर्वाचन में M3 मॉडल के ईवीएम मशीन एवं वीवीपैट का उपयोग किया जाना है। सभी पीठासीन पदाधिकारी को बीयू, सीयू एवं वीवीपीएटी के कनेक्शन के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें मशीन पर आने वाले सभी प्रकार के डिस्प्ले, एरर एवं उसके निराकरण के बारे में बताया गया।*
*पीठासीन पदाधिकारी मतदान केंद्र के प्रभारी होते हैं अतः उन्हें महत्वपूर्ण कार्यों का निष्पादन करना होता है। सभी पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान अभिकर्ताओं के सामने मॉक पोल कैसे करना है, इसकी जानकारी दी गई। मॉक पॉल के पश्चात ईवीएम मशीन की सीलिंग प्रक्रिया के बारे में बताया गया। उसके पश्चात मॉक पोल प्रमाण पत्र एवं अन्य सभी प्रकार के प्रपत्रों को भरने के बारे में बताया गया। बताया गया कि चुनाव समाप्ति के पश्चात सभी प्रकार के विहित प्रपत्रों को सही ढंग से सावधानी पूर्वक भरकर उसे जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए कलेक्शन सेंटर पर आकर जमा करना है।*
*प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता सह वरीय प्रभारी बक्सर, नोडल पदाधिकारी पोस्टल बैलेट कोषांग बक्सर, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, डीपीओ स्थापना बक्सर, मुख्य मास्टर प्रशिक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।