Sat. Aug 1st, 2026

राजस्व एवं आंतरिक संसाधान की बैठक समाहरणालय अवस्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में आहूत की गई। सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी महोदय ने कोविड-19 संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए आदेश दिया कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने हेतु सघन जाँच अभियान चलाया जाय। बैठक में उपस्थित सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अचंलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को आगामी 10 दिन अलर्ट मोड में रहने का निदेश दिया। ऑटो, ई-रिक्शा एंव बस में मास्क पहनने हेतु नियमित जाँच करने को भी कहा गया। नगर परिषद क्षेत्र में माइकिंग के जरिए जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कोविड-19 का टेस्टिंग किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि पॉजिटिव केस मिलने की स्थिति में माइक्रो कन्टेमेन्ट जोन भी बनाया जाय उन्होंने आगे निदेश दिया कि सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत भ्रमण के क्रम में स्कुलों की जाँच कर कोविड संक्रमण से बचाव हेतु शिक्षिकों एवं बच्चों को जागरूक करते रहें। बैठक में पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि सभी व्यावासयिक प्रतिष्ठानों में सी0सी0टी0वी0 कैमरा लगाया जाना आवश्यक है। सभी व्यावासयिक प्रतिष्ठानों में सी0सी0टी0वी0 कैमरा को लगवाने हेतु प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा गया। बक्सर जिला अन्तर्गत कुल 24 थानों मे से 15 थानों में सी0सी0टी0वी0 कैमरा लगा दिये जाने की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि शहर के सभी अपार्टमेन्ट, बडे़ शॉपिंग कॉम्पलेक्स, बैंक, हॉस्पीटल, आदि में सी0सी0टी0वी0 कैमरे के अधिष्ठापन कराये जाने से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण रखा जा सकेगा। सी0सी0टी0वी0 का अधिष्ठापन इस तरह से किया जाय कि अन्दर आने वाले तथा बाहर जाने वाले व्यक्तियों का चेहरा साफ ढंग से कैमरे में कैप्चर हो सके। माप तौल निरीक्षक के बैठक में अनाद्यिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा उनका वेतन स्थगित रखने का आदेश दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर से भी बैठक में अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया गया। बैठक में अंचलवार दाखिल खारिज के अद्यतन स्थिति की जानकारी जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा ली गई। लंबित मामलों पर त्वरित गति से कार्रवाई करने का सख्त निदेश दिया गया। दखल देहानी के मामले में लंबित मामलों की समीक्षा अंचलवार की गई। बताया गया कि दखल देहानी सरकार के सर्वोच्च प्राथमिकता सूची में शामिल है अतएव इसमें कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी अंचलाधिकारी से सेवान्त लाभ के मामलों की भी अद्यतन जानकारी बैठक में ली गई। प्रत्येक पंचायत में परिवहन विभाग के द्वारा कम से कम 01 बस स्टैण्ड बनाया जाना प्रस्तावित है। अतएव इस महत्वपूर्ण कार्य हेतु सभी अंचलाधिकारियों को वांछित भूमि खोज कर अविलम्ब प्रस्ताव देने का निदेश दिया गया। सभी अंचलाधिकारी को उनके अंचल में जिला परिषद की कितनी जमीन है उसका भी प्रतिवेदन देने को कहा गया। नीलाम पत्र वाद में प्रत्येक बुधवार को बैठक करने का निदेश जिला पदाधिकारी बक्सर के द्वारा दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक बक्सर, उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर, स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, प्रखण्ड विकास पदाधिकारीगण, सभी अंचलाधिकारीगण एवं जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!