
जिला पदाधिकारी बक्सर की अध्यक्षता में बक्सर शहर के सौंदर्यीकरण पर परिचर्चा का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। परिचर्चा में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे। परिचर्चा में जिला पदाधिकारी महोदय ने अपने उद्गार में कहा कि बक्सर जिला महर्षि विश्वामित्र की नगरी है। इसके सौंन्दर्यीकरण हेतु बहुत कुछ किया जा सकता है। जिला प्रशासन की तरफ से साप्ताहिक श्रमदान करने की घोषणा करते हुए कहा गया कि पदाधिकारीगण स्वेच्छा से चिहिन्त जगहों पर साफ-सफाई का कार्य करेंगे। दीवालों पर खूबसूरत ढंग से रामायण से संबंधित प्रसंगों को पेंटिग के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। इससे शहर की खूबसूरती बढ़ जाएगी। कूड़ा निष्पादन हेतु स्थल की खोज तेजी से की जा रही है। जल्द ही कूड़ा निष्पादन की व्यवस्था हो जाएगी। पानी की सही ढंग से निकासी न हो पाने की वजह से शहर में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को अगले वर्ष के लिए वर्षा पूर्व नाली की साफ-सफाई की कार्य योजना अभी से तैयार करने को कहा गया। शहर के सभी चौराहों को नये तरीके से निर्मित कराए जाने की योजना की जानकारी परिचर्चा में दी गई। शहर की मूलभूत समस्या में शामिल जाम को समस्या के निस्तार हेतु जिला पदाधिकारी ने बाइपास सड़क बनाने के प्रस्तावों की जानकारी भी परिचर्चा में दी। जिससे यातायात सुगमतापूर्वक जारी रह सके एवं खूबसूरती भी शहर की बढे़। विद्युत शवदाह गृह के नवनिर्माण से संबंधित प्रस्ताव भेज दिए जाने की जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी ने दी। प्रस्ताव के अनुमोदनोपरान्त प्राप्त राशि से निविदा के जरिए कार्य करवाया जाएगा। जिले में दो खेल के मैदान को विकसित करने की योजना की जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि एक क्रिकेट का एवं एक फुटबाल के लिए मैदान होगा। बस स्टैण्ड का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा। “Let’s Clean Buxar” नाम से प्रारम्भ किए गए अभियान में शहरवासियों से भरपूर सहयोग की अपेक्षा भी की गई। परिचर्चा में शामिल शहर के गणमान्य लोगों ने भी अपने-अपने सुझावों को सामने रखा। अंत में सबों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह की पहल को मजबूत बनाने में शहरवासियों का सहयोग अपेक्षित है। सभी मिलकर ही अपने ऐतिहासिक शहर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाऐंगे।