बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र आज दिनांक 19 सितम्बर 2025 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ. विद्यानंद सिंह के निर्देशन में समाहरणालय परिसर स्थित पार्क में मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत रंगोली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया
इस अवसर पर आईसीडीएस की आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता जागरूकता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों को दर्शाया गया। रंगोलियों में “सशक्त नारी, मजबूत लोकतंत्र”, “महिला की भागीदारी, लोकतंत्र की जिम्मेदारी”, “पहले मतदान, फिर जलपान” तथा “मतदान है नारी का अधिकार” जैसे प्रेरक स्लोगन शामिल थे।
जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला परिवहन पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बक्सर सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने सभी रंगोलियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों की सराहना की।
रंगोली अवलोकन के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित वरीय अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं/सहायिकाओं को मतदान के महत्व को रेखांकित करते हुए शपथ दिलाई गई
“हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में मतदाता जागरूकता को और व्यापक बनाने के लिए नुक्कड़ नाटक, खेल प्रतियोगिता एवं प्रभात फेरी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले का प्रत्येक मतदाता लोकतांत्रिक पर्व में सक्रिय भागीदारी निभा सके।
पहले मतदान, फिर जलपान