बक्सर:केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि उपलब्ध—बक्सर में उल्लास और गौरव का वातावरण
बक्सर जनपद के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। वर्ष 2003 में स्थापना के उपरांत से विद्यालय की कक्षाएँ अस्थायी रूप से एम.पी. हाई स्कूल परिसर में संचालित हो रही थीं। अब भूमि उपलब्ध होने से विद्यालय को स्थायी स्वरूप प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे क्षेत्र की शैक्षणिक उन्नति को नया आयाम मिलेगा।
इस शुभ समाचार से बक्सरवासियों में हर्ष का वातावरण व्याप्त है। अनेक स्थानों पर नागरिकों ने मिठाई बाँटकर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी कदम बताया
विधायक श्री आनन्द मिश्र ने कहा कि यह उपलब्धि माननीय मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा माननीय शिक्षा मंत्री जी की विशेष प्राथमिकता और प्रतिबद्धता का सुखद परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा-उन्मुख नीतियों और संकल्पबद्धता के कारण ही यह दीर्घकालीन मांग आज पूर्ण हो सकी है।
विधायक श्री आनन्द मिश्र ने स्मरण कराया कि जनता से किया गया उनका संकल्प था कि चुनाव परिणाम के सौ दिनों के भीतर केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि आवंटन का प्रयास किया जाएगा। उसी संकल्पबद्धता और जनहित के प्रति समर्पित प्रयासों से यह कार्य साकार हुआ है।
विधायक श्री मिश्र ने जिला पदाधिकारी महोदया के सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी परिणामोन्मुख पहल से प्रक्रिया को ठोस दिशा मिली। साथ ही अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया, जिनके समन्वय से कार्य समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सका। विद्यालय परिवार, मुख्यतः प्राचार्या के सकारात्मक सहयोग हेतु भी उन्होंने आभार व्यक्त किया तथा सभी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक लोगों द्वारा पूर्व में किए गए प्रयासों के लिए उन्हें भी धन्यवाद दिया।
विधायक श्री आनन्द मिश्र ने आगे कहा कि अब लक्ष्य एक भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त विद्यालय भवन का निर्माण है, जिसके लिए शीघ्र ही विभागीय पहल प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निकट भविष्य में यह केंद्रीय विद्यालय बक्सर में शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनकर स्थापित होगा और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का सुदृढ़ आधार बनेगा।