जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला के द्वारा किला मैदान बक्सर, पुराना बस स्टैण्ड एवं लाईट एण्ड साउंड का निरीक्षण किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा अतिथि गृह जाने वाले पथ को नो व्हीकल जोन बनाने हेतु बोर्ड लगाने एवं उसका अनुपालन कराने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा मॉडल थाना से लेकर तड़का नाला तक पथ के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकान लगाने एवं पार्किंग करने के विरूद्ध कार्रवाई करने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निदेश दिया गया। साथ ही रामरेखा घाट पर आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल 15 दिनों के अंदर बनाने का निदेश दिया गया।
लाईट एण्ड साउंड की पहुँच पथों का मरम्मती, पर्याप्त साफ सफाई एवं पथ के किनारे सघन वृक्षारोपण कराने का निदेश दिया गया। साथ ही लाईट एण्ड सांउड का कार्य शीघ्र पूर्ण करने, उसके संचालन एवं रख-रखाव हेतु व्यवस्था करने का निदेश दिया गया।
किला मैदान में मंच का जीर्णोद्धार कार्य, पेवर ब्लॉक का कार्य एवं पुराना बस स्टैण्ड से रामलीला मंच की ओर आने वाले पथ के किनारे अवस्थित दीवालों को पेटिंग कराये जाने एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने का कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को निदेश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जवाहर मध्य विद्यालय का भ्रमण किया गया। इस क्रम में स्थिति असंतोषजनक पाये जाने पर जवाहर मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण पृच्छा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।