
स्वास्थ्य हमारे जीवन की सबसे बड़ी संपदा – हरेंद्र राम
प्रखंड के सम्हार गांव में हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
डुमरांव :- सोमवार को प्रखंड के सम्हार गांव स्थित मध्य विद्यालय परिसर में श्रीराम ट्रस्ट, रोहतक हरियाणा द्वारा एकदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया । जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडलाधिकारी हरेंद्र राम ने विधिवत फीता काटकर किया । वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष अक्षय कुमार तथा संचालन सामाजिक कार्यकर्ता राजीव रंजन सिंह ने किया । इस स्वास्थ्य जांच शिविर में सम्हार गांव सहित कुशलपुर पंचायत के विभिन्न गांवों के लगभग 1000 लोगों की विस्तृत रूप से स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें महिलाओं की तादात सबसे ज्यादा थी । वहीं स्वास्थ्य जांच शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. शालिग्राम पांडेय, हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. वीरेंद्र राम, शिशु रोग विशेषज्ञ डा. नागेन्द्र नाथ, दंत रोग विशेषज्ञ डा. अब्बु जफर अंसारी तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ श्रीमती अनिशा रंजन एवं जेनरल फिजिशियन डा. विक्रम आदित्य द्वारा ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया । साथ ही साथ मरीजों को संबंधित रोगों की दवा भी उपलब्ध कराई गई । इस मौके पर अनुमंडलाधिकारी हरेंद्र राम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कोई संपदा नहीं होता । इसलिए सभी को अपनी जीवनशैली में सुधार लाकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है । क्योंकि स्वस्थ जीवन को अपनाकर ही हम एक अच्छे एवं बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं । इसके अलावा अनुमंडलाधिकारी ने श्रीराम ट्रस्ट के सदस्यों को इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया । स्वास्थ्य जांच शिविर को सफल बनाने में आयोजक श्रीराम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह, लालजी सिंह, टी एन प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, कन्हैया तिवारी, कुमार शंकर, चंदन कुमार के अलावा युवा सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अंशु ओझा, दीपक कुशवाहा, अभिमन्यु कुमार, मोहित कुमार, आशीष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे ।