Mon. Oct 26th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति एवं समन्वय की बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। विभिन्न विभागों से संबंधित एम0जे0सी0, सी0डब्लू0जे0सी0, एस0सी0/एस0टी0 आयोग, मानवाधिकारी आयोग एवं लोक शिकायत से संबंधित मामलों की विस्तार से विभागवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा आर0टी0पी0एस0 पर लंबित आवेदनों का तुरंत निष्पादन करने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा बक्सर जिलान्तर्गत कोविड-19 से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुदान राशि का भुगतान हेतु लंबित संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन 15 सितम्बर 2021 तक करने का निदेश दिया गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा गरूणा एप्प के बारे में बताया गया कि मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारियों, बी0एल0ओ0 को निर्वाचन कार्यों में सुविधा हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गरूणा एप्प लॉन्च किया गया है। जिसके माध्यम से मतदान केन्द्र के संबंध में यथा मतदान केन्द्र की स्थिति, न्यूनतम आधारभूत सुविधाएँ, मतदान केन्द्र के निकटतम पुलिस थाना आदि की सुचना अपलोड की जा सकती है। इसके माध्यम से मतदाता सूची में जोड़ने, विलोपन संबंधित मामलों का भी त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को योजनाओं का निरीक्षण कर उनका प्रतिवेदन देने का निदेश दिया। सेवान्त लाभ, वेतन भुगतान ससमय निष्पादन करने का सभी विभागों को निदेश दिया। महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र के द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग एवं मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के संबंध में जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के तहत संबंधित प्रक्षेत्र के युवा युवतियों को कुल परियोजना लागत (प्रति इकाई) का 50% अधिकतम रूपया 500000/- (पाँच लाख) ब्याज मुक्त ऋण जिसे 07 वर्षों (84 समान किस्तों) में अदा करना है। स्वीकृत राशि का 50% अधिकतम रूपया 500000/- (पाँच लाख) विशेष प्रोत्साहन योजनान्तर्गत अनुदान/सब्सिडी देय होगा। चयन के उपरांत लाभुकों के प्रशिक्षण के लिए प्रति इकाई रूपया 25000/- की व्यवस्था है। इस योजना के अन्तर्गत केवल नये उद्योगों के स्थापना के लिए लाभ देय होगा। इन इकाईयों को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 का लाभ भी देय होगा। जिला पदाधिकारी महोदय ने मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति योजना के तहत लाभुकों की संख्या बढ़ाने का निदेश महाप्रबंध जिला उद्योग केन्द्र बक्सर को दिया। जिला पदाधिकारी महोदय ने जिला योजना पदाधिकारी एवं जिला निबंधन परामर्श केन्द्र के प्रबंधक को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भता एवं कुशल युवा कार्यक्रम के तहत लाभुकों की संख्या बढाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता बक्सर, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!