आज दिनांक 12 जून 2025 को जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ० विद्यानन्द सिंह के द्वारा राजपुर प्रखण्ड स्तरीय विभिन्न कार्यालयों के कार्यो की समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में उपस्थित प्रखण्ड स्तरीय कार्यालयों यथा- प्रखण्ड, अंचल, मनरेगा, शिक्षा, कृषि, जीविका, बाल विकास परियोजना, श्रम संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग आदि कार्यालयों के पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त किया गया एवं संबंधित विभाग के अंतर्गत योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इसके साथ-साथ राजपुर प्रखण्ड अंतर्गत सभी पंचायत स्तर की जानकारी प्राप्त की गई।
समीक्षा के क्रम में विभागवार समीक्षा की गई एवं निम्नवत निदेश दिये गये :-
1. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत डोर-टू-डोर कचड़ा उठाव एवं यूजर चार्ज वसूली की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि सभी घरों से माह मई 2025 में 78.4 प्रतिशत ही यूजर चार्ज प्राप्त किया गया है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रखंड समन्वयक को निर्देश दिया गया कि सभी वार्डो से डोर-टू-डोर कचरा का उठाव करना सुनिश्चित करेंगे एवं उसके आलोक में यूजर चार्ज प्राप्ति में वृद्धि प्राप्त करेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी को इसका अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
2. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 77 वैसे लाभुक है जो भूमिहीन है जिसके कारण उन्हें आवास का लाभ नही मिल पा रहा है। वैसे लाभुकों को यथाशीघ्र भूमि उपलब्ध कराने हेतु अंचल अधिकारी राजपुर को निर्देश दिया गया
3. श्रम संसाधन कार्यालय की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं में प्राप्त आवेदनों की संख्या बहुत कम है। श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी, राजपुर को निदेशित किया गया कि बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान एवं अन्य योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कराते हुए योग्य लाभुकों को आच्छादित करेंगे। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी राजपुर इसका अनुश्रवण करेंगे।
4. प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी, राजपुर को निर्देश दिया गया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में अधिक से अधिक लाभुकों को आच्छादित करने हेतु सभी माननीय मुखिया (विवाह निबंधन पदाधिकारी) एवं पंचायत सचिव से समन्वय स्थापित करते हुए आवेदन प्राप्त करेंगे। उक्त योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आय प्रमाण पत्र निर्गत करने के संबंध में अंचल अधिकारी, राजपुर को निदेशित किया गया।
5. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, राजपुर को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में नल जल योजना अंतर्गत लंबित विद्युत विपत्रों के भुगतान हेतु कनीय अभियंता लोक स्वास्थ्य अवर प्रमंडल बक्सर को अपने स्तर से निर्देशित करेंगे।
6. कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को प्रखण्ड अंतर्गत वैसे पंचायत जहॉ वाटर लेबल कम है यथा- मंगरॉव, नागपुर एवं खीरी, की लगातार मॉनिटरिंग करने और नल जल का लाभ सभी लोगों को मिल सके सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ-साथ टोल फ्री नंबर एवं शिकायत नंबर का व्यापक प्रचार प्रसार कराने हेतु निर्देशित किया गया। कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को इसका सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
7. प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, राजपुर द्वारा बताया गया कि पराली जलाने वाले कुल 124 किसानों का रजिस्ट्रेशन आई0डी0 ब्लॉक कर दिया गया है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि परली प्रबंधन के बारे में किसान सलाहकार एवं कृषि समन्वयकों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कराना सुनिश्चित करेंगे।
8. बाल विकास परियोजना कार्यालय की समीक्षा के क्रम में
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, राजपुर को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनवाडी केन्द्रों पर बिजली, पेयजल एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे तथा समेकित प्रतिवेदन से अवगत कराएंगे।
9. प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, राजपुर को समीक्षा के क्रम में निदेशित किया गया कि प्रत्येक विद्यालय में शिक्षक एवं बच्चें का अनुपात तथा विद्यालय में क्या-क्या सुविधा है की सूची तैयार कर उपलब्ध करायेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को सभी प्रखंडों से प्रतिवेदन प्राप्त कर समेकित रूप से प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
10. प्रखंड विकास पदाधिकारी राजपुर को निर्देशित किया गया कि प्रखंड अंतर्गत सभी चिन्हित संस्थाओं में आधार कार्ड केन्द्र को संचालित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
11. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राजपुर को निर्देशित किया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में चिकित्सकों की उपस्थिति एवं सभी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत योग्य लाभुकों को आयुष्मान कार्ड निर्गत करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
11. प्रखण्ड परियोजना प्रबंधक, जीविका, राजपुर द्वारा बताया गया कि प्रखंड अंतर्गत जीविका द्वारा एक लाईब्रेरी, जीविका अधिकार केन्द्र संचालित है। मनरेगा एवं वन विभाग के समन्वय से से 20-20 हजार पौधा जीविका दीदी नर्सरी केन्द्र के माध्यम से वितरण किया गया है। इसके साथ साथ वर्तमान में 142 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
राजपुर प्रखण्ड स्तरीय सभी कार्यालयों के कार्यो की समीक्षा में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखण्ड सांख्यिकी पदाधिकारी, श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक, प्रखण्ड समन्वयक LSBA, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, राजपुर एवं अन्य उपस्थित थे।