
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव के संबंध में सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारी के साथ समीक्षात्मक बैठक समाहरणलय के सभाकक्ष में आहूत की गई। सर्वप्रथम ईवीएम कोषांग की समीक्षा की गई। ईवीएम कोषांग के नोडल पदाधिकारी उप निर्वाचन पदाधिकारी से ईवीएम कोषांग की अद्यतन जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखवाने, उसे प्रखंड तक पहुंचाने और चुनाव के बाद पुनः स्ट्रांग रूम में वापस लाने के संबंध में सारी प्रक्रियाओं की जानकारी ली। जिला पदाधिकारी महोदय ने कोषागार पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करें और आयोग द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन करना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी महोदय ने चुनाव संबंधी सभी सामग्रियों की आपूर्ति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि चुनाव से संबंधित सभी सामग्रियों को ससमय प्राप्त करना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी महोदय ने मतगणना के संबंध में स्ट्रांग रूम को आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में व्यवस्थित करने के लिए कोषागार पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता भवन प्रमंडल को निर्देश दिया। आदर्श आचार संहिता कोषांग के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना सुनिश्चित करें साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि नामांकन के समय संबंधित प्रखंड में आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन हो। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता बक्सर, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, सिविल सर्जन बक्सर, वरीय उप समाहर्ता बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बक्सर एवं अन्य कोषांग के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।