
प्राप्त सूचना अनुसार इस वर्ष ईद-ऊल-जोहा (बकरीद) दिनांक 21.07.2021 को मनाये जाने की संभावना है। इस पर्व के अवसर पर काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिद और ईदगाह के अलावा विभिन्न सार्वजनिक जगहों पर यथा-महत्वपूर्ण सड़को, चौक-चौराहों आदि जगहों पर भी एकत्रित होते हैं तथा पर्व को धूमधाम से मनाते हैं। इसके साथ ही दिनांक 26.07.2021 से सावन मास का भी प्रारंभ हो रहा हैं। इस अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों में जाकर पूजा अर्चना करते हैं। गृह विभाग (विशेष शाखा) बिहार सरकार पटना के द्वारा कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने हेतु दिनांक 06.08.2021 तक विभिन्न विषयों पर प्रतिबंध लगाए गए है जिसके अनुसार- सभी धार्मिक स्थल आमजन के लिए बंद रहेंगे तथा सामाजिक/राजनैतिक/खेल/मनोरंजन/शैक्षणिक/सांस्कृतिक/ धार्मिक आयोजन/समारोह नहीं होना है। अतः उक्त स्थिति में कोरोना संक्रमण के प्रसार की स्थिति को देखते हुए अपने अपने घरों में ही पूजा-पाठ/धार्मिक कार्य आयोजित किया जाए । गृह विभाग द्वारा जारी आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51-60 एवं भा०द०वि० की धारा 188 के प्रावधानों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।