Wed. Sep 16th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गठित District Communication Task Force की बैठक समाहरणालय सभागार में 10:30 बजे पूर्वाहन से आहूत की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु कोविड वैक्सीन का टीका लेना नितान्त आवश्यक है। सभी कम्पनी का वैक्सीन समान रूप से प्रभावकारी है। वैक्सीन के प्रति लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है, इससे वैक्सीनेशन की रफ्तार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। भविष्य में आने वाले किसी भी तरह के कोरोना संक्रमण के प्रभाव को रोकने हेतु सभी लोगों को वैक्सीन का टीका लेना अत्यावश्यक है। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान जिला में सफलतापूर्वक लगातार चलाया जा रहा है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, धर्मगुरू, समाज के प्रतिष्ठित लोगों की भी सहायता ली जा रही है। उन्होंने मीडियाकर्मीगणों से भी अनुरोध किया कि वे सकारात्मक खबरों के जरिए आमजनों को वैक्सीन लेने के प्रति प्रोत्साहित करें। मीडिया के अभी तक के प्रयासों की जिला पदाधिकारी महोदय ने सराहना भी की। सिविल सर्जन बक्सर ने बैठक में जानकारी दी कि किसी भी तरह के रोग से ग्रसित व्यक्ति भी वैक्सीन का टीका लगवा सकते हैं। यह बिल्कुल सुरक्षित है। वैसे व्यक्ति जो बीमारी के इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती हैं उन्हें चिकित्सक की सलाह के पश्चात ही वैक्सीन लेना चाहिए। आने वाले समय में 18 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन के प्राप्त होने की सूचना दी गई। स्वास्थ्य विभाग स्थाई टीकाकरण केन्द्रों के अलावा चलन्त टीका एक्सप्रेस के जरिए टीका देने का कार्य कर रहा है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने 15 जून 2021 तक जिले में कुल 2 लाख 09 हजार टीका के दे दिए जाने की जानकारी दी। इसमें पचीस हजार 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वालों को वैक्सीन का दूसरा डोज भी दिया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कोरोना संक्रमण से ग्रसित व्यक्ति ठीक होने के तीन महीने के पश्चात वैक्सीन का टीका ले सकते हैं। बैठक में सिविल सर्जन बक्सर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, एस0एम0ओ0 डब्लू0एच0ओ0 बक्सर, एस0एम0सी0 यूनिसेफ बक्सर, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव, I.M.A अध्यक्ष के साथ मीडियाकर्मीगण एवं विशिष्ट आमंत्रित सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!