

आकर्षण का केंद्र बना नाव से डालसा का विधिक जागरूकता अभियानराष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ आयोजन के तहत पैन इंडिया जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर द्वारा जिले के विभिन्न छठ घाटों पर नाव के माध्यम से जनता को उनके अधिकारों और नालसा के विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। फूलमाला और गुब्बारों के साथ विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर से सजी नाव छठ के दोनों दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बताते चलें कि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के अनुदेशों के अनुपालन में बिहार के विभिन्न जिलों में नाव के द्वारा छठ व्रतियों के मध्य विधिक जागरूकता का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर श्री धर्मेन्द्र तिवारी के द्वारा एक विशेष दल का गठन किया गया। इस कार्यक्रम के सम्पूर्ण प्रबंधन की जिम्मेवारी पैनल अधिवक्ता कुमार मानवेन्द्र को दी गई थी। जिसमें उनका सहयोग प्रोबोनो अधिवक्ता राजेश कुमार यादव, राजू कुमार, राघव कुमार पांडेय, चंद्रभूषण ओझा, पीएलवी शिव दयाल पांडेय, अंजुम एवं सुंदरम कुमार आदि ने पूर्ण सहयोग दिया। विधिक जागरूकता कार्यक्रम का प्रचार प्रसार रामरेखा घाट, सती घाट, सहित अन्य सभी घाटों पर किया गया। यहां छठ व्रतियों को नालसा एवं बालसा के स्कीम की जानकारी दी गई। साथ ही जागरूकता के माध्यम से लोगो को यह बताया गया कि लोग अपने अपने कानूनी अधिकारो को जानें और समझें और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निशुल्क न्याय प्राप्त कर सकें । बताते चलें कि नाव के माध्यम से जनप्रचार का उद्देश्य घाटों पर आए छठव्रतियों, उनके परिवारजनों के साथ साथ श्रद्धालुओं को विशेष रूप से जागरूकता अभियान के उद्देश्यों से रूबरू कराना था। माइक के माध्यम से प्राधिकार के कार्यों को छठ व्रतियों को बताया गया। इन दो दिनों में डालसा कई सजी धजी नाव ने अनेकों बार भ्रमण करते हुए जागरूकता कार्यक्रम को जन जन तक पहुंचने का सराहनीय कार्य किया। यह नाव पूरे घाटों पर आकर्षण का केंद्र बनी रही। सिमरी प्रखंड में आस नारायण मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा, सत्यम कुमार पांडे, प्रिया रंजन पांडेय, छठ व्रतियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम किया गया।