
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में डेंगू रोग की रोकथाम एवं उस पर नियंत्रण से संबंधित बैठक समाहरणालय परिसर अवस्थित सभागार में आहूत की गई।**जिला पदाधिकारी महोदय ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमराव को साफ सफाई रखने, नियमित रूप से मच्छर मारने वाली दवाओं का छिड़काव करने एवं जिन जगहों पर जलजमाव की समस्या बनी रहती है, पानी को निकालने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही डेंगू बीमारी के लक्षण उसके बचाव से संबंधित जन जागरूकता जनमानस में प्रचारित करने हेतु माइकिंग करने हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमराव को निर्देश दिया।**जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को डेंगू के रोकथाम और नियंत्रण से संबंधित सामान्य जानकारी को बच्चों के बीच प्रचारित कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बच्चों को अपने पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े को पहनकर विद्यालय आने के लिए कहा। जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया कि विद्यालयों में भी साफ सफाई के साथ मच्छर मारने वाली दवाओं का छिड़काव करने एवं एक जगह पानी का जमाव न हो से संबंधित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।**जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी को क्रमश कस्तूरबा गांधी एवं कल्याण विभाग से संचालित छात्रावासों में मच्छरदानी उपलब्ध कराने, साफ-सफाई रखने एवं डेंगू के रोकथाम से संबंधित प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया।**जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी ने बताया कि किसी भी तरह का पानी एक जगह इकट्ठा होने न दिया जाए क्योंकि साफ पानी में भी डेंगू वाले मच्छर पैदा होते हैं। दिन में भी सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहने, घर एवं सभी कमरे को साफ-सुथरा रखें, अपने आस पास के जगह को साफ सुथरा रखें एवं जमा पानी एवं गंदगी पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें।**बीमारी के लक्षण तेज बुखार, सिर एवं जोड़ों में दर्द तथा त्वचा पर लाल चकत्ते/धब्बे का निशान, नाक, मसूड़ों से या उल्टी के साथ रक्त स्राव होना।**जिला पदाधिकारी महोदय ने डेंगू के उपचार से संबंधित सभी आवश्यक उपकरणों एवं दवाइयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं पर्याप्त किट की व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन बक्सर को निर्देश दिया गया।**जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम को प्रतिदिन आने वाले बुखार के लक्षण वाले व्यक्तियों की संख्या का प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया।**बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, सिविल सर्जन बक्सर, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर, वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी बक्सर, जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, जिला कल्याण पदाधिकारी बक्सर, डीपीएम, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमराव, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी बक्सर एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।