
जिला दण्डाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री नीरज कुमार सिंह के द्वारा ईद-उल-फितर 2022 के विधि-व्यवस्था संधारण हेतु संयुक्त ब्रीफिंग समाहरणालय अवस्थित सभागार में आहूत की गई है।**सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी महोदय ने सभा कक्ष में उपस्थित सभी शांति समिति के सदस्यों से उनके सुझाव सुने।**जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने सभी प्रतिनियुक्त को-ऑडिनेटर/दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल को निर्देश दिया कि अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर दिनांक 02.05.2022 को प्रातः 04:30 बजे से दिनांक 03.05.2022 तक सतर्कता के साथ स्थिति सामान्य होने तक प्रतिनियुक्ति स्थल पर बने रहेंगे तथा सभी प्रकार की निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे।**अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर/डुमराव अपने अपने कार्य क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर यह आश्वस्त हो लेंगे कि सभी प्रतिनियुक्त कोऑर्डिनेटर एवं दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल अपने अपने स्थान पर पहुंच चुके हैं अथवा नहीं।**पुलिस अधीक्षक बक्सर ने वितन्तु पर्यवेक्षक/क्षेत्रीय निरीक्षक, बिहार पुलिस रेडियो बक्सर को निदेश दिया कि वे जिला के सभी प्रतिष्ठानों के वितन्तु सेटों को राउण्ड दी क्लॉक दिनांक 02.05.2022 से दिनांक 03.05.2022 तक चालू रखेंगे तथा आदेश निदेश को समय पर पास करायेंगे तथा प्राप्त करवायेंगे। साथ ही इस आशय से जिला के सभी वितन्तु स्टेशनों को कार्यरत रहने का निर्देश देंगे।**परिचारी प्रवर, पुलिस केन्द्र बक्सर ब्रज वाहन के साथ आधा दंगा पार्टी की प्रतिनियुक्ति बक्सर नगर थाना एवं आधा दंगा पार्टी डुमराँव थाना पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव के अधीन करेंगे जो निर्देशानुसार दिये गये कार्य का संपादन करेंगे।**जिला पदाधिकारी बक्सर के द्वारा अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय बक्सर, मॉडल थाना बक्सर, डुमराँव थाना में एक-एक तैयार हालत में फायर बिग्रेड की वाहन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।**जिला पदाधिकारी बक्सर के द्वारा कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि दिनांक 02.05.2022 से दिनांक 03.05.2022 तक विद्युत आपूर्ति निरंतर बनी रहे। सभी मार्गों में लूज एवं नीचे लटके हुए तारों की जाँच कराकर आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।**असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बक्सर को निर्देश दिया गया कि जिला अस्पताल के साथ बक्सर एवं डुमराँव, अनुमण्डलीय अस्पताल तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों के साथ तैयार स्थिति में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा जिला अस्पताल बक्सर एवं अनुमण्डलीय अस्पताल डुमराँव में एम्बुलेंस तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे।* *ईद पर्व 2022 के विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित कोषागार कार्यालय के उपरी तल पर संचालित आपदा शाखा का नियंत्रण कक्ष में कार्यरत होगा, जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में श्री श्रीयांश तिवारी, वरीय उपसमाहर्ता बक्सर (मो0 7748852202) रहेंगे।* *अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाटसअप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे एवं आवश्यकतानुसार विधि सम्मत कार्रवाई करेंगे।**जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त किये गये दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की यह व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी कि वे अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सदभाव को बनाये रखने में तत्परता बरतेंगे तथा एक दूसरे के साथ निकट सम्पर्क रखेंगे ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे। यदि कोई विवाद उत्पन्न हो जाय तो दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी को उसे सुलझाने की अविलम्ब व्यवस्था करनी चाहिए।**जिला पदाधिकारी महोदय ने अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराव एवं जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर को महत्वपूर्ण होटल, लॉज, अतिथिशाला एवं वाहनों की चेकिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही नदी मार्गो एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर मद्य निषेध के संबंध में लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया।**जिला पदाधिकारी महोदय ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव को ईद पर्व को लेकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।**पुलिस अधीक्षक बक्सर ने सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर चौकीदार, पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति करेंगे एवं स्वयं भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था संधारण करेंगे।**ईद पर्व 2022 के अवसर पर उक्त तिथि को बक्सर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर (मो0 9473191241)/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर (मो0 9431800090) तथा डुमराँव अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव (मो0 9473191242)/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी डुमराँव (मो0 9431800091) अपने अपने अनुमण्डल के विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे। किसी प्रकार की आसूचना प्राप्त होने पर वे जिला पदाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक बक्सर को इसके संबंध में अपने मंतव्य सहित जानकारी देंगे एवं आवश्यकतानुसार को-ऑडिनेटर, दण्डाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे।**ईद पर्व 2022 के अवसर पर उक्त तिथि को विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता बक्सर (मो0 9473191240) एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बक्सर (मो0 9431800092) रहेंगे। ईद पर्व 2022 के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु 86 स्टैटिक को-ऑडिनेटर/पुलिस पदाधिकारी, 24 सेक्टर दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं 04 गश्ती दल दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियक्ति कर दी गई है।**बैठक में सिविल सर्जन बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी बक्सर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्यगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष उपस्थित थे।