
स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के क्रम में चार वीडियो रथ एवं चार ई0वी0एम0, वी0वी0पैट के साथ वाले वैन को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी बक्सर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर ने हरी झंडी दिखाकर चारों विधान सभा क्षेत्र में जागरूकता फैलाने हेतु रवाना किया। वीडियो रथ एवं ई0वी0एम0/वी0वी0 पैट वाला रथ प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में जाकर मतदाताओं को बिहार विधान सभा सामान्य निर्वाचन के तहत निर्धारित तिथि 28 अक्टूबर 2020 को मतदान देने हेतु मतदान केन्द्र तक जाने हेतु अभिप्रेरित करेगा। ई0वी0एम0 एवं वी0वी0पैट रथ के साथ मास्टर ट्रेनर की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जो आम लोगो को ई0वी0एम0 एवं वी0वी0पैट के बारे में पूरी जानकारी विस्तार से देगा। वीडियो रथ में बक्सर जिला के मतदाताओं को मतदान करने हेतु अभिप्रेरित करने के दृष्टिकोण से बहुत ही खूबसूरती से फिल्माये गये वीडियो फिल्म को दिखाया जाएगा। जिसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक बक्सर एवं उप विकास आयुक्त महोदय का संदेश भी समाहित है। भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त वीडियो एवं ऑडियो को भी प्रचारित करने का कार्यक्रम वीडियो रथ के द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर स्वीप के नोडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार श्रीवास्तव एवं मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी कन्हैया कुमार उपस्थित थे।