नई दिल्ली: राष्ट्रीय परशुराम परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली स्थित कार्यालय पर राज्यसभा सांसद और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री मनन मिश्रा जी से मुलाकात की। इस दौरान बक्सर में महर्षि विश्वामित्र कॉरिडोर के निर्माण पर विशेष चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री मिश्रा को बक्सर के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व से अवगत कराया और अयोध्या व काशी की तर्ज पर वहां भी एक भव्य कॉरिडोर विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि होने के कारण बक्सर का विशेष महत्व है और कॉरिडोर बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का विकास होगा।
श्री मनन मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और इस पहल के प्रति अपनी सकारात्मकता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे इस विषय को संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय परशुराम परिषद के सदस्यों ने श्री मिश्रा के आश्वासन पर आभार व्यक्त किया।