Sat. Jun 6th, 2026

बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के लिए अधिसूचना जारी होने के उपरान्त बक्सर जिला में दिनांक 28.10.2020 दिन बुधवार को मतदान की तिथि निर्धारित है। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2020 के स्वच्छ निष्पक्ष एवं सफल संपादन हेतु चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त मतदान दल के कर्मियों (पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी) का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण 15 अक्टूबर से प्रारम्भ होकर 19 अक्टूबर तक चलेगा। इस संबंध में मतदान कर्मियों को प्रथम नियुक्ति पत्र के पिन नम्बर के आधार पर दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पूर्व में समाचार पत्रों के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति के जरिए विस्तार से सूचना दी जा चुकी है। प्रशिक्षण एम0पी0 हाई स्कूल, संत मैरी हाई स्कूल, नई बाजार बक्सर, जी0डी0 मिश्रा इन्स्टीच्यूट ऑफ हायर स्टडीज, बी0एड0 कॉलेज (फॉउन्डेशन स्कूल कैम्पस में) लालगंज इटाढी रोड बक्सर में तथा डी0ए0वी0 पब्लिक स्कूल लालगंज इटाढी रोड बक्सर में दिया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी बक्सर ने सख्त निदेश देते हुए कहा है कि निर्धारित तिथि एवं पाली में दिये गये स्थल पर ससमय उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। अनुपस्थित रहने पर चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अनुपस्थित कर्मियों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!