*स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एक अक्टूबर को एक दिन एक घंटा श्रमदान के लिए जरूर निकालें : अश्विनी चौबे*
स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी, इसके लिए हो संकल्पित
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के नेतृत्व में महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर एक अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा पखवाडा कार्यक्रम तहत बक्सर में स्वच्छता जन अभियान चलेगा। इसके माध्यम से सभी महात्मा गांधी को स्वच्छाजलि देंगे। उन्होंने कहा कि जहाँ स्वच्छता है, वहाँ ईश्वर का वास है। यह भारत की पौराणिक मान्यता है। महात्मा गांधी स्वच्छता के प्रति काफी संवेदनशील रहते थे। स्वच्छता हम सभी की सामुहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए हम सभी को संकल्पित रहना है।
केंद्रीय मंत्री श्री चौबे रविवार की सुबह प्रातः 10:00 बजे रामरेखा घाट पर स्वच्छता अभियान शुरु करेंगे। इस मौके पर सामाजिक संगठन, स्कूल व कॉलेज के बच्चे आदि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि एक घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान थीम पर नागरिक श्रमदान करें और सभी नागरिक अपने श्रमदान को स्वच्छता ही सेवा डॉट कॉम पोर्टल पर अपडेट भी अवश्य करें।
केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने सभी से आह्वान किया कि सभी समय निकालकर स्वच्छता से जुड़े इस अभियान में भाग लें। सभी अपनी सड़क, पड़ोस, पार्क, नदी, झील या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर इस स्वच्छता अभियान में शामिल हो सकते हैं। ‘एक तारीख, एक घंटा, एक साथ’ अभियान गांधी जयंती मनाने के उपलक्ष्य में एक विशाल स्वच्छता अभियान है।