
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में पंचायत निर्वाचन के तैयारियों से संबंधित प्रारम्भिक बैठक समाहरणालय सभागार में पंचायत निर्वाचन से संबंधित गठित कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव के साथ आहूत की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा अधिसूचना जारी करने के पश्चात विधिवत सभी चरणों के तिथियों की धोषणा होगी उसके पूर्व प्रखण्डों में पंचायत निर्वाचन हेतु संभावित तिथियों पर चर्चा की जा रही है। बक्सर जिले में बाढ़ का प्रभाव अगस्त के मध्य से लेकर सितम्बर के द्वितीय पखवाड़ा तक होने की जानकारी दी गई। इस पर जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित प्रखण्डों में सितम्बर के मध्य से लेकर अक्टूबर में निर्धारित तिथियों में चुनाव होंगे। चुनाव हेतु प्रस्तावित तिथियों के अनुसार प्रथम चरण में राजपुर, द्वितीय चरण में डुमराँव, तृतीय चरण में इटाढ़ी, चतुर्थ चरण में नावानगर एवं केसठ, पाचवें चरण में बक्सर, छठे चरण में चक्की एवं चौगाई, सातवें चरण में चौसा, आठवें चरण में ब्रह्यपुर एवं नौवें चरण में सिमरी में पंचायत चुनाव हेतु प्रस्ताव आयोग को भेजने की बात बताई गई। इस पर अंतिम निर्णय राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा लिया जाएगा। तदनुसार अधिसूचना के पश्चात तिथियों का निर्धारण अंतिम रूप से हो जाएगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने लगभग 8000 (आठ हजार) बी0ई0यू0 एंव सी0ई0यू0 के बंगलोर अवस्थित BHEL से 15 जुलाई तक जिले में पहुँच जाने की बात बताई। तत्पश्चात आयोग के निर्देशानुसार विधिवत अग्रतर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव में बड़ी एवं छोटी कुल 9188 मतपेटिकाओं का भी प्रयोग किया जाएगा। इसके लिए मतपेटिकाओं की मरम्मति एंव रंग रोगन का कार्य प्रारम्भ करवाने का निर्देश भी दिया गया। नये नगर पंचायत के अधिसूचना के पश्चात उत्पन्न स्थिति से नये वार्डों के नव निर्माण हेतु विधिवत प्रस्ताव देने का आदेश संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को भी दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री योगेश कुमार सागर, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी सभागार में उपस्थित थे।