
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह 2021 का आयोजन 18 जनवरी 2021 से 17 फरवरी 2021 तक किया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग बिहार सरकार के द्वारा कैलेण्डर बनाया गया है। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में जिला प्रशासन के अंतर्गत पुलिस, परिवहन, शिक्षा, पथ निर्माण से जुडे़ सभी कार्यालयों, त्रि-स्तरीय पंचायती राज निकायों, नगर निकायों, एन0सी0सी0, महाविद्यालयों/विद्यालयों के छात्र/छात्राएँ, पेट्रोल पम्प डीलरों, परिवहन संघो, अधिकृत वाहन विक्रेताओं, वाहन प्रशिक्षण स्कूलों, पी0यू0सी0 सेंटर, चिकित्सकों, रेड क्रॉस सोसाईटी, ऑटो मोबाइल एसोसिएशन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। महीना भर चलने वाले कार्यक्रमों का उदघाटन सत्र, जागरूकता रथ का फ्लैग ऑफ एवं सड़क सुरक्षा मार्च 18 जनवरी 2021 को आयोजित किया जाएगा। आगे की तिथियों को रोड सेफ्टी ऐम्बेसडर द्वारा शपथ समारोह, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पेंटिग एवं स्लोगन प्रतियोगिता, पोस्टर/क्वीज प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, वाहन चालकों हेतु सामान्य एवं नेत्र जाँच शिविर/चश्मा वितरण, ड्राईवरों हेतु रिफ्रेशर कोर्स, पुलिस एवं प्रवर्तन तंत्र के माध्यम से विभिन्न प्रकार के वाहन जाँच अभियान, फिटनेश कैम्प का आयोजन, कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, जेब्रा कॉसिंग पेंटिंग, लेन मार्किंग, संकेतक चिन्हों का अधिष्ठापन एवं रख रखाव, रिफ्लेक्टीव पेन्टिंग, शिविर के माध्यम से दावों का निपटारा, एन0सी0सी0 द्वारा विशेष जागरूकता अभियान, समापन सत्र आदि तिथिवार सम्पादित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी महोदय ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा माह का आयोजन लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए किया जा रहा है। पूरे महीने जिला भर में विशेष जाँच अभियान चलाने का भी निदेश जिला पदाधिकारी महोदय ने दिया। हेलमेट चेकिंग, ट्रिपल लोड चेकिंग सघन रूप से करने का निदेश दिया गया। वाहनों में क्षमता से अधिक पैसेंजर बैठाने एवं माल ढुलाई करने की भी विशेष जाँच की जाएगी। मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का भी निदेश दिया गया। जिला परिवहन कार्यालय बक्सर में चेकिंग में पकडे़ जाने वाला का डाटाबेस तैयार किया जाएगा। लगातार गलती करने वाला का ड्राइविंस लाइसेंस निलम्बित एवं रद्द करने की कार्रवाई करने का निदेश जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा दिया गया। चेकिंग में पकडे़ जाने वाले का नाम समाचार पत्रों में भी प्रकाशित करवाया जाएगा। सभी कार्यालयों एवं थाना में हेलमेट पहनकर कार्यालय एवं थाना में आने से संबंधित फ्लैक्स लगवाने का भी निदेश दिया गया। वाहनों की जाँच हेतु पूरे जिला में विशेष अभियान के तहत व्यवस्था की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर, पुलिस उपाधीक्षक बक्सर/डुमराँव, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यगण एवं सभी थानों के थाना प्रभारीगण उपस्थित थे।