Mon. Sep 14th, 2026

धान अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की बैठक जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में आहूत की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय ने धान खरीद में तेजी लाने हेतु सभी संभव प्रयास तेज करने का सख्त निदेश दिया। जिन पैक्सों ने वितीय वर्ष 2019-20 में अब तक ऑडिट नहीं करवाया है, उन पैक्सों को एक सप्ताह के अंदर ऑडिट करवाने हेतु नोटिस देने का निदेश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया। पैक्स अध्यक्ष के क्रियाशील नहीं होने की स्थिति में कार्यकारी अध्यक्ष अथवा विशेष परिस्थिति में प्रशासक नियुक्त करने का निदेश भी दिया गया। प्रशासक जहाँ प्रतिनियुक्त किये जाऐंगे वहाँ के कार्यकलापों का निरीक्षण करने का निदेश दिया गया। जाँचोपरान्त 28 मिलों के कार्यरत रहने की जानकारी जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम ने दी। सभी क्रियाशील पैक्सों को इन 28 मिलों से टैग करने का निदेश दिया गया। पैक्सों को मिलों के साथ एकरारनामा करने को भी कहा गया। ताकि जिन पैक्सों में धान की खरीद हो रही है, वे अपना धान मिलों को उपलब्ध करवा सके। जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पैक्स धान की अतिशयता का बहाना बनाकर धान खरीदने से मना नहीं कर सकते हैं। कृषकों को भुगतान करने में शिथिलता किसी कीमत पर बदोश्त नहीं करने की बात जिला पदाधिकारी महोदय ने दुहराई। प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी मुख्यालय से किसानों के भुगतान में शिथिलता बरतने के आरोप में स्पष्टीकरण पूछने का निदेश जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा दिया गया। अब तक कुल 6047 किसानों के निबंधित होने की जानकारी दी गई। जिला कृषि पदाधिकारी को चौपालों एवं अन्य माध्यमों से कृषकों के बीच निबंधन की प्रक्रिया के जानकारी हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने को कहा गया। वैसे पैक्स जिनका कैश क्रेडिट लिमिट समाप्त हो गया है, वहाँ के प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी सत्यापन करके प्रतिवेदन देंगे। ताकि वहाँ का सी0सी0एल0 बढ़ाया जा सके। प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी प्रतिदिन धान खरीद की समीक्षा करके प्रतिवेदन देंगे। धान खरीद के पश्चात स्टॉक के निरीक्षण हेतु प्रखण्ड स्तरीय टीम गठित करने का आदेश दिया गया। जिसमें प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी के साथ कार्यक्रम पदाधिकारी भी रहेंगे। बैठक में वरीय उपसमाहर्ता बक्सर धान अधिप्राप्ति, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रभारी जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी (मु0) एवं अन्य संबंधित कर्मीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!