
. समाहरणालय बक्सर
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
बक्सर, दिनांक 25 अप्रैल 2022 :- आज दिनांक 25 अप्रैल 2022 को जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति एवं समन्वय और जिला विकास समन्वय की बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में आहूत की गई। सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा 13 अप्रैल 2021 एवं 20 अप्रैल 2021 को विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न पंचायतों में विभिन्न योजनाओं की जांच प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने जांच में पाई जाने वाली अनियमितताओं के संबंध में संबंधित विभाग को जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को सख्त निर्देश दिया गया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यालय में अध्यापक समय से उपस्थित रहे साथ ही बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करवाएं। विद्यालय में दी जाने वाली सभी योजनाओं का लाभ यथा पोशाक वितरण, पुस्तक वितरण, साइकिल वितरण एवं अन्य का लाभ विद्यार्थियों को मिले, इसे सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इससे संबंधित विद्यालय में पंजी संधारित करे कि कितने विद्यार्थियों को यह लाभ मिला है। एमडीएम का संचालन सभी मानकों के अनुरूप किया जाए तथा साथ ही नियमित अंतराल पर विद्यालयों की जांच की जाए। जिला पदाधिकारी महोदय ने शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जांच के सभी बिंदुओं पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि जांच के बिंदुओं में विभिन्न स्थानों पर पाए जाने वाले अनियमितताओं के संबंध में तुरंत कार्रवाई करें और 1 सप्ताह के अंदर इसके संबंध में अपना प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें। जांच के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपस्थित पाए गए कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस बक्सर को निर्देश दिया गया। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के क्रम में सिविल सर्जन बक्सर को निर्देश दिया गया कि 10 दिनों के अंदर सभी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जांच करें कि पिछले 6 माह में प्रत्येक माह कितने मरीज का इलाज किया गया है और किन जगहों पर अतिरिक्त डॉक्टरों की आवश्यकता है। सिविल सर्जन बक्सर को निर्देश दिया गया कि सभी अतिरिक्त स्वास्थ्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जांच कर सभी तरह की जरूरी व्यवस्था उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। ओपीडी पंजी संधारित करने का निर्देश दिया गया जिसमें मरीज का नाम, मोबाइल नंबर, दिए गए दवा का नाम जरूर होना चाहिए। रोस्टरवार डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सभी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिसिन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि कार्यालयों के सभी कर्मियों की उपस्थिति 10:00 बजे कराना सुनिश्चित करें। प्रत्येक शुक्रवार को संबंधित अंचलाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने कार्यालय में 10:00 बजे से उपस्थित रहेंगे। जिसमें आमजन की शिकायत सुनी जाएगी। उस समय सभी अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सभी राजस्व कर्मचारी निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर आमजन की शिकायत सुनना सुनिश्चित करेंगे। समाहरणालय के सभी कर्मी 10:00 बजे अपने अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे, बिना अनुमति का कोई भी अनुपस्थित नहीं रहेंगे। कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग को जांच में पाई जाने वाली अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता को अपने अधीनस्थ सहायक अभियंता/जूनियर इंजीनियर का दैनिक भ्रमण का सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही मासिक भ्रमण की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिसमें योजना का नाम, जांच की तिथि एवं अन्य विवरण हो। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी पदाधिकारियों से अपने कार्यों का ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस बक्सर को निर्देश दिया गया कि सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करें कि विभागीय दिशा निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन हो अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिनांक 20 अप्रैल 2022 को नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव में विभिन्न बिंदुओं पर किए गए जांच के संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव को जरूरी दिशा निर्देश दिया गया। सभी नालों की साफ-सफाई बरसात के पूर्व करना सुनिश्चित करें जिससे जलजमाव की समस्या उत्पन्न ना हो। साथ ही बुडको को जांच में पाई जाने वाली अनियमितताओं पर 15 दिनों के अंदर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। कार्रवाई न करने की दशा में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला ग्रामीण अभिकरण विकास के द्वारा संचालित योजनाओं एवं अन्य विभागों के द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई और संबंधित को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जल जीवन हरियाली अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की गई एवं संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया। क्रॉप कटिंग प्रयोग के संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर, संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी संबंधित अंचलाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर/डुमराव उपस्थित थे।