Tue. Jul 28th, 2026

विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर व्यवहार न्यायालय, बक्सर अवस्थीत कार्यालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर में उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया l दिनाक 18 जुलाई को एनआई एक्ट धारा 138 मामलों का होगा त्वरित निपटारा

बक्सर, 6 जुलाई: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली के निर्देशों के आलोक में एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA) के तत्वावधान में आगामी 18 जुलाई 2026 (दिन शनिवार) को व्यवहार न्यायालय बक्सर में आयोजित होने वाली ‘विशेष लोक अदालत’ की पूर्व तैयारियों को लेकर आज एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में बक्सर जिले में कार्यरत सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान श्रीमती नेहा दयाल, अवर न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर ने उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निष्पादन हेतु दोनों पक्षों में आपसी सुलह-समझौते का मार्ग प्रशस्त करें। इस विशेष लोक अदालत का मुख्य फोकस परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (Negotiable Instruments Act, 1881) की धारा 138 के अंतर्गत आने वाले चेक बाउंस और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण पर रहेगा।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि इस बार वादों का निष्पादन वर्चुअल (ऑनलाइन) एवं फिजिकल (भौतिक) दोनों ही माध्यमों से किया जा रहा है, ताकि सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले पक्षकारों को भी न्याय मिलने में कोई असुविधा न हो। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण अंत करें। अधिक जानकारी या सहायता के लिए आम लोग व्यवहार न्यायालय परिसर में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बक्सर के कार्यालय में श्रीमान सचिव महोदय से संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक हेल्प-लाइन नंबर 06183-299925 एवं ईमेल dlsa.buxar2026@gmail.com पर समन्वय स्थापित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!